बिलासपुर (ईएमएस)। शिवसेना प्रदेश प्रमुख धनंजय सिंह परिहार के निर्देशानुसार प्रदेश महासचिव सुनील कुमार झा के मार्गदर्शन में संभाग महासचिव एवं जिला प्रभारी प्रभु वस्त्रकार के नेतृत्व में संभाग कार्यालय भंडारी परिसर (महामाया चौक) में रामनवमी शोभा यात्रा को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। जिला मीडिया प्रभारी रोमेश शर्मा ने प्रेस को जानकारी देते हुए बताया कि रायपुर में पिछले 42 वर्षों से शिवसेना द्वारा श्रीराम जन्मोत्सव के अवसर पर शोभा यात्रा का आयोजन किया जाता रहा है। इस वर्ष यह यात्रा 28 मार्च शनिवार को अपने पारंपरिक स्थल वि_ल मंदिर फूल चौक नवीन बाजार से शाम 5 बजे प्रारंभ होगी। शोभा यात्रा में बिलासपुर जिले से सैकड़ों शिवसैनिक शामिल होंगे। यात्रा में झांकियां, ढोल, धमाल, डीजे, छत्तीसगढ़ी गीत, पंथी, राउत नाचा, सुवा नाच और आदिवासी नृत्य सहित अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ शामिल रहेंगी। बैठक में उपस्थित पदाधिकारियों ने यात्रा को भव्य और सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए अपने विचार साझा किए। निर्णय लिया गया कि जनसंपर्क के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को शोभा यात्रा में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया जाएगा। इस बैठक में मुख्य रूप से प्रदेश महासचिव सुनील कुमार झा, संभाग महासचिव एवं जिला प्रभारी प्रभु वस्त्रकार, प्रदेश सचिव संतोष कौशल, महिला सेना प्रदेश सचिव अनामिका अवस्थी, जिला अध्यक्ष मुकेश देवांगन, कामगार सेना अध्यक्ष राधे खांडेकर, युवा सेना जिला अध्यक्ष दुर्गेश सिंह ठाकुर सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित थे। मनोज राज 23 मार्च 2026