राष्ट्रीय
23-Mar-2026
...


24 अक्टूबर तक प्रभावी रहेगा शेड्यूल नई दिल्ली,(ईएमएस)। नागरिक उड्डयन महानिदेशालय ने सोमवार को घरेलू एयरलाइंस के लिए गर्मियों का फ्लाइट शेड्यूल जारी कर दिया है। यह नई समय-सारिणी 29 मार्च से लागू होकर 24 अक्टूबर तक प्रभावी रहेगी। डीजीसीए ने यात्रियों को सलाह दी है कि वे अपनी यात्रा से पहले संबंधित एयरलाइंस की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर उड़ानों के समय और स्थिति की दोबारा पुष्टि कर लें। साथ ही, किसी भी ऑपरेशनल इमरजेंसी या अंतिम समय में होने वाले बदलावों की जानकारी के लिए सीधे एयरलाइंस से संपर्क बनाए रखें। इससे एक दिन पहले नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने एक महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए घरेलू हवाई किराए पर लागू अस्थायी मूल्य सीमा (फेयर कैप) को हटाने की घोषणा की थी। यह फेयर कैप 23 मार्च से समाप्त कर दी गई है, जिससे एयरलाइंस को किराए तय करने में अधिक स्वतंत्रता मिलेगी। विशेषज्ञों का मानना है कि फेयर कैप हटने के बाद यात्रियों को मांग और उपलब्धता के आधार पर टिकट कीमतों में उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है। वहीं, एयरलाइंस कंपनियों के लिए यह कदम परिचालन और राजस्व प्रबंधन के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। गौरतलब है कि हर साल गर्मियों और सर्दियों के लिए अलग-अलग फ्लाइट शेड्यूल जारी किए जाते हैं, ताकि बढ़ती यात्री संख्या और मौसम संबंधी परिस्थितियों के अनुसार उड़ानों का बेहतर संचालन सुनिश्चित किया जा सके। यात्रियों के लिए सलाह है कि यात्रा की योजना बनाते समय पर्याप्त समय का ध्यान रखें और अपडेटेड शेड्यूल के अनुसार ही अपनी बुकिंग करें, ताकि किसी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके। हिदायत/ईएमएस 23मार्च26