जबलपुर, (ईएमएस)। तिलवारा थानान्तर्गत अरनव विहार कालोनी तिलवारा में कल दरम्यानी रात अज्ञात चोरों ने एक सूने घर का ताला तोड़कर अलमारी के लॉकर में रखे 4-5 लाख के सोने चांदी के जेवर पार कर दिए। घटना के समय मकान मालिक कहीं बाहर गया था अचानक सुबह लगभग 4 बजे उसके मोबाईल पर घर में हुई चोरी का मैसेज अलर्ट आने पर उसे घटना की जानकारी मिली। तिलवारा पुलिस ने घटना के संबंध में बताया कि आनंद कुंज गढ़ा निवासी सौरभ कुमार मिश्रा का छोटा भाई राहुल मिश्रा अरनव विहार कालोनी तिलवारा में प्लाट नंबर-40 में रहता है गत 20 मार्च को दोपहर लगभग दो बजे राहुल घर में ताला लगाकर ऑफिस के काम से परिवार के साथ सिंगरौली गया था जहां सुबह लगभग 4 बजे राहुल ने अपने बड़े भाई सौरभ मिश्रा को फोन कर बताया कि उसके मोबाईल फोन पर घर में हुई चोरी का मैसेज अलर्ट आया है। मोबाईल में घर में लगे सीसीटीवी कैमरों में सुबह लगभग 4 बजे कुछ लोग घर के अंदर दाखिल होते हुए दिख रहे हैं। घटना की सूचना मिलने पर सौरभ मिश्रा अपने छोटे भाई के घर पहुंचा तो देखा कि घर के मेनगेट का लॉक टूटा था उसने अंदर जाकर देखा तो घर का सामान बिखरा हुआ था वहीं अलमारी में रखा सामान बाहर पड़ा था अलमारी के अंदर राहुल एवं उसके पत्नी के सोने-चांदी के जेवर गायब थे। चोरी गये जेवरों की कीमत 4 से 5 लाख रूपए बतायी गई है। सुनील साहू / मोनिका / 23 मार्च 2026/ 01.49