राष्ट्रीय
23-Mar-2026
...


इस साल मौसम ने सामान्य पैटर्न बदला, यह देरी से सक्रिय हुई मावठ का असर नई दिल्ली,(ईएमएस)। यूपी के साथ दिल्ली-एनसीआर में पिछले कुछ दिनों से बारिश का मौसम बना हुआ है। इससे लोगों को गर्मी से राहत मिली है। मौसम विभाग ने बेमौसम बारिश के पीछे का कारण बताया है इसके साथ ही कहा है कि अप्रैल भी ठंडा रह सकता है। मौसम विभाग के मुताबिक मावठ के कारण ऐसा हो रहा है। दिसंबर से जनवरी के बीच होने वाली मावठ इस बार लेट हो रही है। जानकारों के मुताबिक इस साल मौसम ने सामान्य पैटर्न को बदल दिया है। आमतौर पर जनवरी में होने वाली सर्दियों की बारिश इस बार मार्च में देखने को मिल रही है। मौसम विभाग के संकेत हैं कि इसका असर अप्रैल तक जारी रह सकता है। वैज्ञानियों के मुताबिक यह देरी से सक्रिय हुई मावठ का असर है। यह उत्तरी-पश्चिमी भारत में सर्दियों के दौरान होने वाली खास तरह की बारिश है। अब तक दो महीने लेट हो चुकी बारिश आने वाले दिनों में कई स्पैल में जारी रह सकती है। इसके लिए पश्चिम से आने वाली हवाएं और वातावरण में बढ़ी नमी जिम्मेदार है। यही कारण है कि दिल्ली, यूपी और आसपास के इलाकों में अप्रैल में भी तेज हवाएं, आंधी के साथ बारिश हो सकती है। इस कारण तापमान में गिरावट आएगी और कुछ दिनों में ठंडक रह सकती है। यह उत्तर भारत, राजस्थान, हरियाणा और पश्चिमी यूपी में सर्दियों में होने वाली खास बारिश है। कई बार इसके साथ ओले भी पड़ते हैं। मावठ गेहूं, चना, सरसों जैसी रबी फसलों के लिए फायदेमंद होती है। हालांकि मार्च में बारिश होने के कारण फसलों को नुकसान हो रहा है। इधर, सोशल मीडिया पर असामान्य मौसम को लेकर कई तरह के दावे वायरल हो रहे हैं। तमाम रील्स में दावा किया जा रहा है कि यह बारिश बिल गेट्स के किसी कृत्रिम प्रोजेक्ट का नतीजा है। हालांकि विशेषज्ञ इन दावों को पूरी तरह भ्रामक बता रहे हैं। जानकारी के मुताबिक बिल गेट्स का प्रोजेक्ट सूरज की गर्मी को रोकने से जुड़ा था। यह असफल होकर बंद हो चुका है। कृषि विज्ञान केंद्र बिचपुरी के प्रभारी ने बताया कि भूमध्य सागर की ओर से पैदा होने वाले पश्चिमी विक्षोभ के कारण मावट की स्थिति बनती है। आमतौर पर दिसंबर से जनवरी तक इसका प्रभाव देखा जाता है। तब इससे फसलों को फायदा होता है, लेकिन अतिवर्षा या ओलावृष्टि से नुकसान भी हो सकता है। आने वाले दिनों में भी आंधी, बारिश, ओलावृष्टि देखी जा सकती है। सिराज/ईएमएस 23मार्च26 ------------------------------