जयपुर,(ईएमएस)। राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने राज्य की वर्तमान भजनलाल शर्मा सरकार पर स्वास्थ्य सेवाओं को कमजोर करने का गंभीर आरोप लगाया है। कांग्रेस नेता का कहना है कि राजस्थान का पहले मजबूत और विश्वस्तरीय माना जाने वाला हेल्थ मॉडल अब उपेक्षा के कारण बिखरता दिख रहा है। उन्होंने कहा कि उनकी कांग्रेस सरकार के दौरान तैयार की गई स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को वर्तमान सरकार द्वारा व्यवस्थित रूप से कमजोर किया जा रहा है। पूर्व सीएम गहलोत ने मौजूदा मुख्यमंत्री शर्मा पर व्यक्तिगत टिप्पणियां करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जब वे सोशल मीडिया के माध्यम से जनता की समस्याएं उठाते हैं, तब मुख्यमंत्री शर्मा समाधान पर ध्यान देने के बजाय उन पर व्यक्तिगत कटाक्ष करने में व्यस्त रहते हैं। यह टिप्पणी उस बयान के जवाब में आई, जिसमें मुख्यमंत्री शर्मा ने एक कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस नेता गहलोत पर तंज कसा था। स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े मुद्दों पर गहलोत ने विशेष चिंता जाहिर की है। उन्होंने बताया कि राजस्थान गवर्नमेंट हेल्थ स्कीम (आरजीएचएस) के तहत बकाया भुगतान नहीं होने के कारण निजी अस्पतालों ने ओपीडी और फार्मेसी सेवाएं बंद करने की चेतावनी दी है, जिससे कर्मचारियों और पेंशनर्स को परेशानी हो रही है। इसके अलावा चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना में ढील के कारण इलाज में देरी और दवाइयों की कमी जैसी समस्याएं सामने आ रही हैं। उन्होंने जयपुर के प्रमुख अस्पतालों में खून की कमी को “हेल्थ इमरजेंसी” बताकर निजी ब्लड बैंकों पर लगी रोक हटाने की मांग की। साथ ही, ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य और अन्य योजनाओं के रुकने से जनता में असंतोष बढ़ने की बात भी कही। आशीष दुबे / 23 मार्च 2026