पकड़े गए बदमाश के पैर में लगी गोली, दूसरा साथी फरार, पुलिस ने कर रही तलाश लखनऊ,(ईएमएस)। यूपी के जौनपुर जिले में थाना मीरगंज व थाना मछलीशहर की संयुक्त पुलिस टीम के साथ रविवार रात हुई मुठभेड़ में 25 हजार का इनामी अंतर्जनपदीय गौ तस्कर को गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ में आरोपी के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया। पुलिस ने उसके कब्जे से एक तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा और एक बाइक बरामद की है जबकि उसका एक साथी मौके से फरार हो गया। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) ने सोमवार को बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत क्षेत्राधिकारी मछलीशहर के पर्यवेक्षण में यह कारर्वाई की गई। उन्होंने बताया कि रविवार रात करीब 10:45 बजे मीरगंज पुलिस गोधना बाजार क्षेत्र में संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी तभी कंट्रोल रूम से सूचना मिली कि दो बदमाश बाइक से भाग रहे हैं, जिनका पीछा मछलीशहर पुलिस कर रही है। सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी की। कम्पोजिट विद्यालय चौकी खुर्द-चितांव भटेवरा मार्ग पर बदमाशों को रोकने का प्रयास किया, लेकिन उन्होंने पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने जवाबी कारर्वाई की, जिसमें एक बदमाश के दाहिने पैर में गोली लगी। घायल बदमाश का नाम आरिफ (32) है। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ जौनपुर, प्रतापगढ़, आजमगढ़ और प्रयागराज जिलों में करीब 22 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। उसकी गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपए का इनाम घोषित था। फरार साथी की तलाश की जा रही है। सिराज/ईएमएस 23मार्च26 ------------------------------