राष्ट्रीय
23-Mar-2026


पटना,(ईएमएस)। बिहार की राजनीति में ‘छोटे सरकार’ के नाम से पहचान रखने वाले अनंत सिंह सोमवार को बेऊर जेल से रिहा हो गए। पटना हाईकोर्ट से दुलारचंद यादव हत्याकांड में जमानत मिलने के बाद दोपहर करीब 2 बजे उनकी रिहाई हुई। जेल से बाहर आते ही उनके समर्थकों में भारी उत्साह देखने को मिला। बड़ी संख्या में समर्थक पहले से ही उनके आवास के बाहर जमा थे और जैसे ही अनंत सिंह वहां पहुंचे, लोगों ने फूल-मालाओं से उनका स्वागत किया। इस दौरान जमकर आतिशबाजी की गई और पूरे इलाके में जश्न का माहौल देखा गया। रिहाई के बाद अनंत सिंह ने मीडिया से बातचीत में कहा कि वह निर्दोष हैं और उन्हें इस मामले में साजिश के तहत फंसाया गया था। उन्होंने दावा किया कि घटना के समय वह घटनास्थल से करीब चार किलोमीटर दूर मौजूद थे। गौरतलब है कि अनंत सिंह बिहार की राजनीति में एक प्रभावशाली नेता माने जाते हैं और मोकामा क्षेत्र में उनकी मजबूत पकड़ है। उनकी रिहाई के बाद एक बार फिर उनकी राजनीतिक सक्रियता को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। फिलहाल, उनकी रिहाई के बाद पूरे इलाके में उत्सवी माहौल है। हिदायत/ईएमएस 23मार्च26