राज्य
23-Mar-2026
...


चिराग बोले- गठबंधन में सब कुछ हो चुका है तय, जल्द ही साफ हो जाएगी तस्वीर पटना,(ईएमएस)। लोक जनशक्ति पार्टी-रामविलास (एलजेपी-आर) के अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने दावा किया है कि बिहार में एनडीए की नई सरकार और नीतीश कुमार के बाद बनने वाले सीएम को लेकर एनडीए के 5 घटक दलों के बीच मोटी-मोटी सहमति बन चुकी है। सोमवार सुबह दिल्ली से पटना पहुंचे चिराग ने कहा कि बिहार में नई सरकार को लेकर एनडीए गठबंधन के भीतर सब कुछ तय हो चुका है। उन्होंने कहा कि इसको लेकर जल्द ही तस्वीर साफ हो जाएगी। बता दें सीएम नीतीश कुमार राज्यसभा के सांसद चुन लिए गए हैं और 10 अप्रैल या उसके बाद वह दिल्ली में नई पारी शुरू करेंगे। नीतीश के बाद बीजेपी के किसी नेता के सीएम बनने के प्रबल आसार हैं। चिराग ने सम्राट चौधरी के नाम को लेकर सीधा जवाब नहीं दिया, लेकिन सकारात्मक तौर पर कहा कि गृहमंत्री के तौर पर सम्राट चौधरी बड़ी जिम्मेदारी निभाने का काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में और किस भूमिका में उनका मॉडल प्रदेश में दिखेगा, यह समय ही बताएगा। चिराग पासवान ने यह जरूर कहा कि सरकार जिसके भी नेतृत्व में बनेगी, उसमें नीतीश कुमार का अनुभव और मार्गदर्शन जरूर रहेगा। चिराग ने कहा कि नई सरकार के गठन को लेकर गठबंधन के अंदर तमाम विषयों पर बातचीत चल रही है। गठबंधन से कौन सीएम बनेगा, कौन डिप्टी सीएम होगा, इसको लेकर चर्चा ही नहीं, बल्कि मोटी-मोटी सहमति बन चुकी है। उन्होंने कहा कि बहुत जल्द इसकी औपचारिक घोषणा कर दी जाएगी। रिपोर्ट के मुताबिक मौजूदा सीएम नीतीश कुमार इस समय राज्य की यात्रा कर रहे हैं, जिनके साथ मंच पर सम्राट चौधरी की केमिस्ट्री ने राजनीतिक अटकलों का बाजार गर्म कर रखा है। नीतीश कई जिलों में समृद्धि यात्रा के मंच पर सम्राट चौधरी के कंधे पर हाथ रखकर उनसे जनता को प्रणाम करवा रहे हैं। इसे नीतीश की तरफ से सम्राट के समर्थन के तौर पर देखा जा रहा है, जिनकी नए सीएम के चयन में भूमिका से कोई इनकार नहीं कर रहा है। बता दें बिहार में बीजेपी के 89 विधायक और जेडीयू के 85 विधायक हैं। यह संख्या बताती है कि सीएम भले बीजेपी का हो, उसका चुनाव भी बीजेपी अपने तरीके से करे, लेकिन नीतीश की रायशुमारी उसमें अहम होगी। नीतीश को 30 मार्च से पहले बिहार विधान परिषद की सदस्यता से इस्तीफा देना होगा। राज्यसभा का चुनाव जीतने के बाद उनके पास एमएलसी का पद छोड़ने के लिए 14 दिन का समय था, जिसमें एक सप्ताह बीत चुका है। चर्चा है कि नीतीश सीएम के पद से अप्रैल के दूसरे हफ्ते तक इस्तीफा देंगे, जब नई सरकार का गठन होगा। बीजेपी और जदयू के नेताओं ने पहले कहा था कि नई सरकार के गठन की बातचीत 26 मार्च के बाद शुरू होगी, जिस दिन यात्रा के घोषित कार्यक्रम के मुताबिक नीतीश की सभा पटना में होगी। सिराज/ईएमएस 23मार्च26 ------------------------------