राष्ट्रीय
23-Mar-2026


* राजकोट, अमरेली, जामनगर और दाहोद में जनसभाएं; उम्मीदवारों के नामों पर होगी अहम चर्चा अहमदाबाद (ईएमएस)| गुजरात में आगामी स्थानीय स्वराज संस्थाओं के चुनाव को लेकर आम आदमी पार्टी (आप) ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान चार दिवसीय गुजरात दौरे पर आ रहे हैं। इस दौरान वे विभिन्न जिलों में बैठकों और जनसभाओं को संबोधित करेंगे। आप के प्रदेश अध्यक्ष इशूदान गढ़वी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि स्थानीय निकाय चुनाव को देखते हुए स्क्रीनिंग कमेटी की तीन दिन की बैठक पूरी हो चुकी है, जिसमें कई उम्मीदवारों के नाम तय किए गए हैं। इन नामों पर अंतिम चर्चा के लिए केजरीवाल और मान गुजरात आ रहे हैं। उन्होंने जानकारी दी कि 24 तारीख की शाम को दोनों नेता राजकोट पहुंचेंगे, जहां प्रदेश नेतृत्व के साथ बैठक होगी। इसके बाद 25 तारीख को अमरेली में कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। 26 तारीख को लालपुर में केजरीवाल और मान की मौजूदगी में “विजय विश्वास सम्मेलन” आयोजित होगा, जो विशेष रूप से किसानों के मुद्दों पर केंद्रित रहेगा। इस अवसर पर एक बड़ी जनसभा भी आयोजित की जाएगी। दौरे के अंतिम दिन 27 तारीख को दाहोद में एक विशाल रैली और जनसभा का आयोजन किया जाएगा, जिसमें करीब 50 से 70 हजार लोगों के शामिल होने का अनुमान है। चार दिनों के इस दौरे के दौरान पार्टी के शीर्ष नेता और प्रदेश नेतृत्व विभिन्न स्थानों पर रैलियों और जनसभाओं के जरिए जनता से संवाद करेंगे और चुनावी रणनीति को मजबूत करेंगे। सतीश/23 मार्च