नई दिल्ली (ईएमएस)। रोहिणी के एक शख्स को एक अस्पताल का नंबर ऑनलाइन सर्च करना महंगा पड़ा। पीड़ित ने एक नामी अस्पताल में एक डॉक्टर से अपॉइंटमेंट लेने के लिए ऑनलाइन उस हॉस्पिटल का नंबर सर्च किया। नंबर के जरिए जिससे संपर्क हुआ, उसने एक लिंक भेजकर पीड़ित को 10 रुपये जमा करने के लिए कहा। बाद में उनके बैंक खाते से हजारों रुपये निकाल लिए। पीड़ित को बाद में ठगी का एहसास हुआ। उन्होंने साइबर क्राइम पोर्टल पर अपनी कंप्लेंट रजिस्टर्ड कराई है। पीड़ित के मुताबिक, उन्हें अपने एक बीमार रिश्तेदार के लिए दिल्ली में डॉक्टर की तलाश थी। पिछले हफ्ते उन्होंने अपॉइंटमेंट के लिए एक नामी अस्पताल का नंबर ऑनलाइन सर्च किया। सर्च में टॉप पर एक मोबाइल नंबर मिला। इस पर कॉल किया तो बताया गया कि वह वॉट्सऐप पर एक लिंक भेजेगा। उस पर 10 रुपये ट्रांसफर कर देना। इससे आपकी अपॉइंटमेंट कन्फर्म हो जाएगी। पीड़ित ने 10 रुपये पे कर दिए, लेकिन कुछ देर बाद एक अन्य मोबाइल नंबर से फोन आया और बताया गया कि भुगतान नहीं हुआ है। उसने बताया कि वह एक फाइल भेज रहा है, उसमें अपनी सारी जानकारी मुहैया कर दो। पीड़ित ने ऐसा ही किया। इसके बाद उनके खाते से 53 हजार रुपये निकल गए। पीड़ित ने इसकी शिकायत साइबर पोर्टल पर की। अब पुलिस जांच कर रही है। अजीत झा /देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/23/मार्च/2026