राष्ट्रीय
23-Mar-2026
...


-मलबे में 20 मजदूरों के दबे होने की आशंका; रेस्क्यू जारी प्रयागराज,(ईएमएस)। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले के फाफामऊ इलाके में सोमवार दोपहर बड़ा हादसा हो गया, जब एक कोल्ड स्टोरेज की इमारत का हिस्सा अचानक ढह गया। इस हादसे में अब तक 9 लोगों की मौत की सूचना है, जबकि करीब 20 मजदूरों के मलबे में दबे होने की आशंका जताई जा रही है। हादसे में कोल्ड स्टोरेज से अमोनिया गैस का रिसाव हुआ जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। गैस करीब 1 किलोमीटर तक फैल गई, जिससे लोगों को सांस लेने में परेशानी होने लगी। हादसा सोमवार दोपहर करीब ढाई बजे हुआ, जिसके बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। मलबे के नीचे दबे लोगों को निकालने के लिए प्रशासन ने तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। प्रारंभिक जानकारी अनुसार मौके पर एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें 5 जेसीबी मशीनों के साथ राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हुई हैं। अब तक 9 लोगों को मलबे से बाहर निकाला जा चुका है, जिनमें से कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे के बाद कोल्ड स्टोरेज से अमोनिया गैस का रिसाव भी होने लगा, जिससे आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया। गैस करीब 1 किलोमीटर तक फैल गई, जिससे लोगों को सांस लेने में परेशानी होने लगी। स्थानीय लोग मुंह पर कपड़ा बांधकर घरों से बाहर निकलने को मजबूर हो गए। प्रशासन के अनुसार, इस कोल्ड स्टोरेज की संरचना लगभग 60 एकड़ क्षेत्र में फैली हुई थी और इसका 40 फीट ऊंचा तथा 75 फीट लंबा हिस्सा ढह गया। यहां 100 से अधिक मजदूर काम करते हैं, जिससे हादसे में जानमाल के नुकसान की आशंका और बढ़ गई है। घटना के बाद लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला। पुलिस को विरोध का भी सामना करना पड़ा। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त बल तैनात किया गया है। पुलिस ने कोल्ड स्टोरेज के मैनेजर को हिरासत में ले लिया है। घायलों को अस्पताल भेजा गया है, जिनमें से एक की हालत गंभीर है और उसे विशेष उपचार के लिए भर्ती किया गया है। रेस्क्यू ऑपरेशन पूर्ण होने के बाद ही मृतकों और घायलों की सही संख्या स्पष्ट हो सकेगी। इसके साथ ही, घटना की मजिस्ट्रियल जांच कराने के आदेश दिए गए हैं। हिदायत/ईएमएस 23मार्च26