राष्ट्रीय
23-Mar-2026
...


-गगनदीप रंधावा आत्महत्या मामले में कार्रवाई तेज अमृतसर,(ईएमएस)। पंजाब में वेयरहाउस के डिस्ट्रिक्ट मैनेजर गगनदीप सिंह रंधावा के आत्महत्या मामले में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। आम आदमी पार्टी के पूर्व मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। अमृतसर के डीसीपी रविंदर पाल के अनुसार, भुल्लर को मंडी गोविंदगढ़ से फतेहगढ़ साहिब पुलिस की मदद से हिरासत में लिया गया। उन्हें मंगलवार को अदालत में पेश किया जाएगा। हालांकि, भुल्लर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक पोस्ट करते हुए दावा किया है कि उन्होंने स्वयं सरेंडर किया है। गिरफ्तारी के बाद गुलाबचंद कटारिया ने उनका इस्तीफा मंजूर कर लिया है। इस बीच, मृतक गगनदीप रंधावा के परिवार ने पोस्टमॉर्टम के लिए सहमति दे दी है, जबकि शव फिलहाल अमृतसर के अस्पताल में रखा गया है। पुलिस जांच के दौरान अधिकारियों ने मृतक का मोबाइल फोन सबूत के तौर पर लेने की कोशिश की, लेकिन परिवार ने इसे देने से इनकार कर दिया। परिवार की ओर से मामले की जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो से कराने की मांग की गई है। शाह ने दिया सीबीआई जांच के संकेत मामला अब राजनीतिक रूप भी लेता जा रहा है। गुरजीत सिंह औजला ने लोकसभा में यह मुद्दा उठाया, जिसके बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने संकेत दिया कि यदि पंजाब के सांसद लिखित अनुरोध करें, तो जांच सीबीआई को सौंपी जा सकती है। बताया जा रहा है कि पंजाब के कई सांसदों ने इस संबंध में गृह मंत्री को पत्र भी भेज दिया है। इनमें चरणजीत सिंह चन्नी, सुखजिंदर सिंह रंधावा, धर्मवीर गांधी और हरसिमरत कौर बादल शामिल हैं। हिदायत/ईएमएस 23मार्च26