शेयर बाजार पस्त... सेंसेक्स 1836 अंक टूटा, निफ्टी 22500 के नीचे, सोना-चांदी क्रैश, रुपया धड़ाम, भारतीय रुपया डॉलर के मुकाबले 94.01 के नए निचले स्तर पर बंद निवेशकों के 14 लाख करोड़ स्वाहा नई दिल्ली(ईएमएस)। अमेरिका-इजराइल-ईरान युद्ध की आग से अब दुनिया झुलस रही है। तेल-गैस संकट ने ग्लोबल टेंशन हाई कर दी है, तो विदेशों से लेकर भारतीय बाजार तक में भारी उथल-पुथल देखने को मिल रही है। सप्ताह के पहले कारोबारी दिन सोमवार को देश में सोना-चांदी की कीमतों से लेकर रुपये और शेयर मार्केट तक में कोहराम मचा नजर आया। सेंसेक्स 1,836.57 अंक या 2.46 प्रतिशत गिरकर 72,696.39 पर और निफ्टी 601.85 अंक या 2.60 प्रतिशत गिरकर 22,512.65 पर बंद रहा। सोमवार को आई गिरावट से निवेशकों की संपत्ति में 14 लाख करोड़ रुपये से अधिक की गिरावट आई है। सिर्फ यही नहीं बीते कुछ दिनों से लगातार टूट रही इंडियन करेंसी रुपया सोमवार को भी डॉलर के मुकाबले रिकार्ड स्तर पर गिरकर 94.03 के लो-लेवल पर आ गई। युद्ध के कारण कच्चे तेल की बढ़ती कीमतें, जो चौथे सप्ताह में प्रवेश कर चुका है, विदेशी निधियों की निरंतर निकासी और रुपये की कमजोरी ने भी निवेशकों को जोखिम से बचने के लिए प्रेरित किया है। इस कारण सोमवार को शेयर बाजार बड़ी गिरावट के साथ बंद हुआ। 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 1,836.57 अंक या 2.46 प्रतिशत गिरकर 72,696.39 पर बंद हुआ। दिन के दौरान इसमें 1,974.52 अंक या 2.64 प्रतिशत की गिरावट आई और यह 72,558.44 पर पहुंच गया। 50 शेयरों वाला एनएसई निफ्टी 601.85 अंक या 2.60 प्रतिशत गिरकर 22,512.65 पर बंद हुआ। अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया 48 पैसे गिरकर 94.01 (अस्थायी) के नए सर्वकालिक निचले स्तर पर बंद हुआ। सेंसेक्स की 30 कंपनियों में से टाइटन के शेयरों में सबसे ज्यादा 6.24 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई। ट्रेंट, अल्ट्राटेक सीमेंट, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, इंटरग्लोब एविएशन, टाटा स्टील और एचडीएफसी बैंक भी गिरावट दर्ज करने वाली प्रमुख कंपनियों में शामिल थीं। एचसीएल टेक, पावर ग्रिड, इंफोसिस और टेक महिंद्रा विजेता रहे। यूरोपीय बाजारों में दिखी गिरावट एशियाई बाजारों में, दक्षिण कोरिया का बेंचमार्क कोस्पी, जापान का निक्केई 225 सूचकांक, शंघाई का एसएसई कंपोजिट सूचकांक और हांगकांग का हैंग सेंग सूचकांक भारी गिरावट के साथ बंद हुए। कोस्पी में सबसे अधिक 6.49 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई। यूरोप के बाजारों में भारी गिरावट देखी गई। शुक्रवार को अमेरिकी बाजार में भी भारी गिरावट दर्ज की गई। सोने में 12 हजार, चांदी में 31 हजार गिरावट अमेरिका-इजराइल की ईरान से चल रही जंग के बीच सोने चांदी की कीमतों में लगातार गिरावट जारी है। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (इब्जा) के मुताबिक, 10 ग्राम 24 कैरेट सोना 12,077 रुपए घटकर 1.35 लाख रुपए पर आ गया है। इससे पहले इसकी कीमत 1.47 लाख थी। वहीं, एक किलो चांदी की कीमत 30,864 रुपए घटकर 2.01 लाख रुपए पर आ गई है। इससे पहले शुक्रवार को इसकी कीमत 2.32 लाख रुपए किलो थी। अमेरिका-ईरान जंग के कारण सोना 24 दिन में 23,956 और चांदी 65,200 सस्ती हुई है। रुपया लगातार बढ़ा रहा चिंता किसी भी देश की इकोनॉमी के लिए उसकी करेंसी में बड़ी और लगातार गिरावट अच्छी नहीं मानी जाती है, लेकिन फिलहाल बीते कुछ दिनों से भारतीय रुपया के साथ यही हो रहा है। ये हर बीतते कारोबारी दिन के साथ डॉलर के मुकाबले और कमजोर होती जा रही है। सोमवार को करेंसी मार्केट में कारोबार की शुरुआत होने के साथ ही ये नए लो-लेवल पर पहुंच गई। कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों, लगातार एफपीआई की बिकवाली और अमेरिकी डॉलर में मजबूती के चलते, रुपया टूट रहा है। सोमवार को भारतीय रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रिकॉर्ड निचले स्तर पर पहुंच गया। यह 50 पैसे की गिरावट के साथ 94.03 पर बंद हुआ। रुपये ने पहली बार 94 का आंकड़ा पार किया है। वैश्विक कच्चे तेल की बढ़ती कीमतें और विदेशी फंड का लगातार बहिर्वाह निवेशकों के लिए चिंता का विषय बना। विनोद उपाध्याय / 23 मार्च, 2026