राज्य
23-Mar-2026
...


:: एलएनसीटी यूनिवर्सिटी में मंत्री विश्वास सारंग ने किया शुभारंभ; श्रृंगार बने हथियार पहल से महिला सशक्तीकरण पर जोर :: भोपाल (ईएमएस)। राजधानी के एलएनसीटी यूनिवर्सिटी परिसर में सोमवार को केएआई सीनियर नेशनल कराटे चैंपियनशिप–2026 का अत्यंत भव्य और गरिमामय शुभारंभ हुआ। इस दो दिवसीय राष्ट्रीय आयोजन ने भोपाल को खेल मानचित्र पर एक नई पहचान दिलाई है। उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में सहकारिता, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास सारंग उपस्थित रहे। कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष उषा अग्रवाल, केएआई अध्यक्ष बैकुंठ सिंह, उपाध्यक्ष पंकज शुक्ला और महासचिव योगेश कालरा की विशेष उपस्थिति रही। समारोह का प्रारंभ मंत्री विश्वास सारंग द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया, जो खेल भावना, अनुशासन और एकता का प्रतीक बना। इस अवसर पर राज्य अध्यक्ष जयदेव शर्मा और रेफरी आयोग के अध्यक्ष अमित गुप्ता सहित विभिन्न राज्यों के पदाधिकारी भी मौजूद रहे। खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए खेल मंत्री विश्वास सारंग ने प्रेरक संदेश दिया कि कराटे केवल एक खेल नहीं, बल्कि जीवन जीने की एक सशक्त कला है जो अनुशासन और मानसिक दृढ़ता का निर्माण करती है। उन्होंने कहा कि जीत से अधिक महत्वपूर्ण लक्ष्य की ओर निरंतर प्रयास करना और प्रतिद्वंद्वी का सम्मान करना है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों से खेल भावना के साथ सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने का आग्रह किया ताकि वे भविष्य में देश के जिम्मेदार नागरिक बन सकें। 23 से 24 मार्च तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में देश के 19 राज्यों से आए लगभग 450 खिलाड़ी कुमिते और काता की विभिन्न श्रेणियों में अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। आयोजन के दौरान केएआई उपाध्यक्ष पंकज शुक्ला ने प्रतिभागियों को प्रेरित करते हुए कहा कि यह चैंपियनशिप केवल पदक जीतने का मंच नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण और आत्मविश्वास विकसित करने का अवसर है। उन्होंने श्रृंगार बने हथियार जैसी पहल का विशेष उल्लेख किया, जिसका उद्देश्य महिलाओं को आत्मनिर्भर और निडर बनाकर सशक्त करना है। उन्होंने जोर दिया कि कराटे हमें जीत में विनम्रता और हार में साहस सिखाता है। यह पूरा आयोजन अमित गुप्ता और परितोष शर्मा के तकनीकी मार्गदर्शन तथा जयदेव शर्मा के नेतृत्व में सफलतापूर्वक संचालित हो रहा है। उत्कृष्ट व्यवस्थाओं और खिलाड़ियों के उत्साह ने भोपाल को राष्ट्रीय खेल आयोजनों के प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित कर दिया है। प्रकाश/23 मार्च 2026