राज्य
23-Mar-2026
...


:: कर्मचारियों के लिए जोन स्तर पर भी लगेंगे शिविर; अब तक 5 हजार से अधिक का हुआ मोतियाबिंद उपचार :: इंदौर (ईएमएस)। नगर पालिक निगम इन्दौर द्वारा म.प्र. वॉलंटरी हेल्थ एसोसिएशन के सहयोग से निगम मुख्यालय में निगम कर्मचारियों के लिए एक दिवसीय निःशुल्क नेत्र जांच शिविर का आयोजन किया गया। महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने शिविर का विस्तृत निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और उपस्थित कर्मचारियों से संवाद किया। इस अवसर पर स्वच्छता एवं ठोस अपशिष्ट प्रबंधन विभाग के एमआईसी सदस्य अश्विनी शुक्ल भी विशेष रूप से मौजूद रहे। महापौर ने बताया कि निगम के मैदानी और कार्यालयीन कर्मचारियों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए इस तरह के विशेष शिविर नियमित रूप से आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि अक्सर व्यस्तता और संसाधनों की कमी के कारण कर्मचारी समय पर अपनी आंखों का उपचार नहीं करा पाते, जिसे देखते हुए यह सुविधा सीधे कार्यस्थल पर उपलब्ध कराई गई है। भविष्य की योजनाओं के बारे में जानकारी देते हुए महापौर ने बताया कि मुख्यालय के सफल आयोजन के बाद आगामी दिनों में शहर के विभिन्न झोन कार्यालयों पर भी इसी तरह के नेत्र जांच शिविर लगाए जाएंगे। इससे उन कर्मचारियों को भी लाभ मिल सकेगा जो मुख्यालय तक नहीं पहुंच पाते हैं। शिविर के दौरान न केवल आंखों की निःशुल्क जांच की गई, बल्कि जरूरतमंदों को चश्मों का वितरण, मोतियाबिंद (कैटरैक्ट) की जांच और ऑपरेशन के लिए रेफर करने की सुविधा भी प्रदान की गई। नगर निगम द्वारा चलाए जा रहे इस विशेष स्वास्थ्य अभियान के सुखद परिणाम सामने आए हैं, जिसके तहत अब तक 5 हजार से अधिक कर्मचारियों का निःशुल्क मोतियाबिंद उपचार सफलतापूर्वक कराया जा चुका है। शिविर में आधुनिक मशीनों के माध्यम से नेत्र परीक्षण के साथ-साथ डायबिटिक रेटिनोपैथी की जांच, विशेषज्ञों द्वारा परामर्श और चश्मा वितरण जैसी महत्वपूर्ण सेवाएं निःशुल्क प्रदान की गईं। इस अवसर पर महापौर ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविर में चिन्हित किए गए मोतियाबिंद के मरीजों का फॉलोअप लिया जाए और उनके ऑपरेशन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। एमआईसी सदस्य अश्विनी शुक्ल ने भी कर्मचारियों के स्वास्थ्य के प्रति निगम की इस प्रतिबद्धता की सराहना की। शिविर के दौरान बड़ी संख्या में निगम कर्मियों ने पंजीयन कराकर अपनी आंखों की जांच करवाई और परामर्श प्राप्त किया। प्रकाश/23 मार्च 2026