* मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री की गरिमामयी उपस्थिति में कलाकारों ने वीरता और शौर्य की गाथाओं से बांधा समां अहमदाबाद (ईएमएस)| मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और उप मुख्यमंत्री हर्ष संघवी की प्रेरक उपस्थिति में साणंद में ‘वीरांजलि डायरो 2.5’ कार्यक्रम भव्य और गौरवपूर्ण माहौल में आयोजित हुआ। वीरांजलि समिति और जीटीपीएल के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में वीरता, शौर्य और अडिग देशप्रेम के भावों से ओतप्रोत डायरे की प्रस्तुति के माध्यम से राष्ट्र के अमर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस कार्यक्रम में लोकप्रिय कलाकार सांईराम दवे, कीर्तिदान गढ़वी, मायाभाई आहिर, राजभा गढ़वी और अल्पा पटेल सहित कलावृंद ने वीरतापूर्ण बातों, प्रेरणादायक किस्सों और शौर्यगीत की शानदार प्रस्तुति दी। कलाकारों की ओजस्वी वाणी ने देश के वीर शहीदों की गाथाओं को जीवंत बनाकर उपस्थित जनसमूह में देशप्रेम और राष्ट्रीय गौरव का अद्भुत संचार किया। कार्यक्रम के दौरान शहीद भगत सिंह, सुखदेव और राजगुरु सहित अनेक अमर वीर शहीदों की शहादत को याद करके उनकी वीरता और बलिदान को नमन किया गया। देश के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले इन महान वीरों द्वारा दिए गए बलिदान की गाथाओं ने उपस्थित लोगों में अपार गौरव और प्रेरणा का भाव जागृत किया। वीरता और शौर्य से ओतप्रोत गीतों, कथाओं और भावविभोर करने वाली रचनाओं के स्वर से समूचा साणंद देशभक्ति के उत्साह से गूंज उठा। वीर रस के ज्वार के बीच उपस्थित जनसमूह ने देश के अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की और उनकी शहादत को वंदन किया। यह कार्यक्रम देशप्रेम, राष्ट्रीय गौरव और शहीदों के बलिदान के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का एक स्मरणीय अवसर बन गया। इस अवसर पर राजस्थान के शहीद प्रतापसिंह के प्रपौत्र शत्रुसल्यसिंह जी बारहट, कैबिनेट मंत्री अर्जुन मोढवाडिया और डॉ. प्रद्युमन वाजा, राज्य मंत्री संजयसिंह महिड़ा, कमलेश पटेल, दर्शना वाघेला, रीवाबा जाडेजा, प्रवीणभाई माली, कौशिक वेकरिया, जयराम गामित, संगठन महामंत्री रत्नाकर, शहर भाजपा अध्यक्ष प्रेरक शाह, वीरांजलि समिति के प्रदीपसिंह वाघेला और संजय पटेल, पूर्व मंत्री भूपेंद्रसिंह चूड़ासमा और प्रदीपसिंह जाडेजा, मुळूभाई बेरा और कई विधायकों सहित राज्य के अग्रणी और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे। सतीश/25 मार्च