नई दिल्ली (ईएमएस)। दिल्ली में मुठभेड़ के दौरान कुख्यात लुटेरा अजय उर्फ कालिया गिरफ्तार हुआ। पुलिस पर फायरिंग के जवाब में वह घायल हो गया। आरोपी 85 लाख की लूट मामले में वांटेड था। दिल्ली में पुलिस और बदमाश के बीच हुई मुठभेड़ में एक कुख्यात लुटेरे को गिरफ्तार कर लिया गया। इस दौरान बदमाश ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जिसमें एक गोली इंस्पेक्टर की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी। हालांकि पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए आरोपी को घायल कर पकड़ लिया। पुलिस के अनुसार पकड़े गए आरोपी की पहचान अजय उर्फ कालिया निवासी गौतमपुरी, उस्मानपुर, दिल्ली के रूप में हुई है। वह शास्त्री पार्क इलाके में हुई करीब 85 लाख रुपये की लूट के मामले में वांटेड था। दिल्ली पुलिस को 23 मार्च की रात करीब 10 बजे गुप्त सूचना मिली थी कि अजय उर्फ कालिया आधी रात के आसपास एमजी रोड स्थित रोज गार्डन सर्विस रोड पर अपने साथियों से मिलने आएगा और किसी बड़ी वारदात को अंजाम दे सकता है। सूचना मिलते ही सेंट्रल जिले की स्पेशल स्टाफ टीम ने इलाके में जाल बिछा दिया। करीब 12:22 बजे रात एक व्यक्ति ग्रे रंग की स्कूटी से राजघाट की ओर से आता दिखाई दिया। दिल्ली पुलिस द्वारा फायरिंग के दौरान एक गोली इंस्पेक्टर रोहित कुमार की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लग गई। घायल होने के बाद पुलिसकर्मियों ने उसे दबोच लिया। मौके से आरोपी के पास से एक अवैध पिस्तौल, जिंदा कारतूस, खाली खोखे, चोरी की स्कूटी और एक मोबाइल फोन बरामद हुआ है। जांच में पता चला कि स्कूटी मालवीय नगर इलाके से चोरी की गई थी। दिल्ली पुलिस ने घायल आरोपी को इलाज के लिए एलएनजेपी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार अजय उर्फ कालिया दिल्ली के अलावा उत्तर प्रदेश में भी कई लूट और अन्य आपराधिक मामलों में शामिल रहा है। फिलहाल आईपी एस्टेट थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/25/मार्च/2026