राज्य
23-Mar-2026
...


:: शहर के प्रमुख नालों और आउटफाल टेपिंग कार्यों का किया विस्तृत निरीक्षण; समय सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश :: इंदौर (ईएमएस)। नगर पालिक निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल ने सोमवार को शहर के विभिन्न क्षेत्रों में संचालित नाला सफाई और आउटफाल टेपिंग कार्यों का जमीनी स्तर पर विस्तृत निरीक्षण किया। वर्षा ऋतु से पूर्व जलभराव की समस्या को रोकने और शहर के जल प्रबंधन को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से किए गए इस दौरे में अपर आयुक्त आशीष पाठक, सहायक यंत्री और संबंधित क्षेत्रीय जोनल अधिकारी भी मौजूद रहे। आयुक्त ने तीन इमली चौराहा, छावनी नाला, लालबाग नाला, छत्रीपुरा नाला और माणिकबाग नाला सहित शहर के अन्य प्रमुख नालों का अवलोकन किया। उन्होंने नालों में चल रहे सफाई कार्यों की वर्तमान स्थिति के साथ-साथ आउटफाल टेपिंग की प्रगति का भी गहन जायजा लिया और अधिकारियों को स्पष्ट किया कि स्वच्छता व जल प्रबंधन की दृष्टि से यह कार्य अत्यंत महत्वपूर्ण है। निरीक्षण के दौरान आयुक्त सिंघल ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि नाला सफाई का कार्य पूरी तरह समयबद्ध और उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण किया जाए। उन्होंने सॉलिड वेस्ट प्रबंधन की समीक्षा करते हुए कहा कि सभी तकनीकी मापदंडों का पालन सुनिश्चित किया जाना चाहिए ताकि भविष्य में किसी भी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो। नालों की सफाई में जुटी पोकलेन मशीनों की कार्यप्रणाली पर विशेष ध्यान देते हुए आयुक्त ने निर्देश दिए कि प्रत्येक मशीन के लिए एक स्पष्ट दैनिक कार्य योजना और लक्ष्य निर्धारित किया जाए। इससे कार्य में पारदर्शिता आएगी और सफाई की गति भी सुनिश्चित हो सकेगी। उन्होंने मशीनों की नियमित मॉनिटरिंग करने और उनका अधिकतम उपयोग सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया। शहर में स्वच्छता के स्तर को बनाए रखने के लिए आउटफाल टेपिंग के कार्यों को प्राथमिकता पर रखने के निर्देश देते हुए आयुक्त ने कहा कि निर्धारित समय सीमा के भीतर इन सभी परियोजनाओं को पूरा करना अनिवार्य है। उन्होंने जोनल अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय रहकर सफाई अभियान की निगरानी करने को कहा ताकि बारिश के दौरान नागरिकों को जल-जमाव जैसी समस्याओं का सामना न करना पड़े। निगम की इस सक्रियता का उद्देश्य मानसून से पहले शहर की ड्रेनेज व्यवस्था को पूरी तरह दुरुस्त करना है, जिससे पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ शहर की स्वच्छता रैंकिंग में भी सुधार हो सके। प्रकाश/23 मार्च 2026