इन्दौर (ईएमएस) क्रांतिवीर टंट्या भील विश्वविद्यालय की कार्यपरिषद में शहर के प्रतिष्ठित चार्टर्ड अकाउंटेंट सीए डॉ. अभय शर्मा एवं सीए जय नागपाल को तीन वर्षों के लिए सदस्य नियुक्त किया गया है। उनका कार्यकाल 23 मार्च 2026 से 22 मार्च 2029 तक रहेगा। इस महत्वपूर्ण नियुक्ति को शिक्षा एवं प्रोफेशनल जगत में एक सकारात्मक कदम के रूप में देखा जा रहा है। सीए डॉ. अभय शर्मा लंबे समय से चार्टर्ड अकाउंटेंसी क्षेत्र में सक्रिय हैं और इंदौर सीए ब्रांच के पूर्व चेयरमैन (2018-19) रह चुके हैं। वर्तमान में वे हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (HPCL) में स्वतंत्र निदेशक के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं तथा टैक्स प्रैक्टिशनर्स एसोसिएशन, इंदौर के उपाध्यक्ष पद का दायित्व भी निभा रहे हैं। वे अपने प्रभावी नेतृत्व, नवाचारपूर्ण सोच एवं सामाजिक प्रतिबद्धता के लिए व्यापक रूप से पहचाने जाते हैं। उनकी नियुक्ति से विश्वविद्यालय की प्रशासनिक कार्यप्रणाली को और अधिक सुदृढ़ होने की उम्मीद जताई जा रही है। इनकी इस नियुक्तियों पर सीए समुदाय, शिक्षाविदों एवं सामाजिक संगठनों ने हर्ष व्यक्त करते हुए इसे इंदौर के लिए गौरव का विषय बताया है। सभी ने विश्वास व्यक्त किया है कि दोनों सदस्य अपनी नई जिम्मेदारी का निर्वहन पूर्ण निष्ठा, पारदर्शिता एवं कुशलता के साथ करते हुए विश्वविद्यालय के समग्र विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। आनंद पुरोहित/ 24 मार्च 2026