नई दिल्ली (ईएमएस)। चंद्रावल वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट में पाइपलाइन फटने से पानी की सप्लाई ठप हो गई। करीब 3 दिन तक लाखों लोगों को पानी की किल्लत झेलनी पड़ेगी, कई बड़े इलाकों में असर देखा जा रहा है। दिल्ली के बड़े हिस्से में आने वाले दिनों में पानी की भारी किल्लत देखने को मिल सकती है। चंद्रावल वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट में तकनीकी खराबी आने के कारण पानी की सप्लाई पूरी तरह बंद हो गई है, जिससे लाखों लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। लोगों को अब अपनी रोजमर्रा की जरूरतों के लिए वैकल्पिक इंतजाम करने पड़ रहे हैं। जानकारी के मुताबिक, चंद्रावल प्लांट के पास बैकवॉश लाइन में अचानक खराबी आ गई। 600 एमएम की पाइपलाइन फटने से हालात और बिगड़ गए। इस वजह से पंप हाउस में पानी भर गया और इलेक्ट्रिकल व मैकेनिकल उपकरण काम करना बंद कर गए। नतीजा यह हुआ कि पूरे इलाके में पानी की सप्लाई ठप हो गई। अधिकारियों का कहना है कि यह तकनीकी खराबी काफी गंभीर है, जिसे ठीक करने में समय लग रहा है। मरम्मत का काम तेजी से जारी है, लेकिन फिलहाल लोगों को तुरंत राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। अधिकारियों के अनुसार, पंप हाउस से पानी निकालने, पाइपलाइन की मरम्मत करने और खराब उपकरणों को ठीक करने में करीब तीन दिन का समय लग सकता है। इसमें हाई टेंशन और लो टेंशन पैनल के साथ मोटरों की मरम्मत भी शामिल है। जब तक ये काम पूरा नहीं हो जाता, तब तक सप्लाई सामान्य होना मुश्किल है। इस खराबी का असर दिल्ली के कई घनी आबादी वाले इलाकों में पड़ा है। सराय रोहिल्ला, गुलाबी बाग, नारायणा विहार, नेहरू नगर, बलजीत नगर, प्रेम नगर, पंजाबी बस्ती, सदर बाजार, करोल बाग, पहाड़गंज, पटेल नगर, झंडेवाला, बापा नगर, देव नगर, कश्मीरी गेट, आरके पुरम और तुर्कमान गेट जैसे इलाकों में पानी की सप्लाई पूरी तरह प्रभावित है। यहां रहने वाले लोगों को पानी के लिए काफी जद्दोजहद करनी पड़ रही है। अजीत झा /देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/24/मार्च/2026