युवती के गर्भवती होने पर वादे से मुकर गया जबलपुर, (ईएमएस)। खमरिया थानांतर्गत एक युवती को उसकी ही सहेली के भाई ने दोस्ती बनाकर प्रेम संबंधों में उलझाया और फिर शादी का झांसा देकर उसका दैहिक शोषण करता रहा। बाद में युवती गर्भवती हो गई तो युवक मुकर गया और धमकाने लगा। इसके बाद गर्भवती युवती ने थाने में मामला दर्ज कराया। खमरिया पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दुराचार का प्रकरण पंजीबद्ध कर उसकी तलाश आरंभ कर दी है। इस संबंध में खमरिया थाना पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक बीए फाइनल की छात्रा की अपनी सहेली की शादी में ही उसके भाई रंजीत कुशवाहा से दोस्ती हुई। कुछ समय में यह मुलाकात व दोस्ती ज्यादा गहरी हो गई। गत 6 अक्टूबर 2025 की रात को रंजीत ने युवती को गौशाला में बुलाया और कहा कि वह उसे पसंद करता है। इसके बाद में रंजीत ने युवती से शादी का झांसा देकर कई बार उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए, इसके चलते युवती गर्भवती हो गई। जब रंजीत से युवती ने गर्भवती हो जाने की बात बताई और शादी करने कहा, तो रंजीत ने साफ इंकार कर दिया। साथ ही बच्चे को गिराने की बात कर धमकाने लगा। इससे दुखी हो पीडित युवती ने थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी रंजीत कुशवाहा के खिलाफ धारा 69,351(2) बीएनएस 3 (2) और एससी-एसटी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर आरोपी की तलाश आरंभ कर दी है। अजय पाठक / मोनिका / 24 मार्च 2026/ 03.15