नई दिल्ली (ईएमएस)। दिल्ली एनसीआर में मार्च में मौसम ने अचानक करवट ली है, जहां बारिश और पश्चिमी विक्षोभ से तापमान गिरा है। अगले कुछ दिनों तक बादल, बारिश और ठंडी हवाओं का दौर जारी रहेगा। 2026 का मार्च महीना दिल्ली में कई तरह के मौसम दिखाने का नया रिकॉर्ड बनता जा रहा है। पहले आधे महीने मई-जून वाली गर्मी और फिर अचानक मौसम में यूं बदलाव से लोग एक ही सवाल पूछ रहे हैं कि क्या दोबारा अपने कंबल और स्वेटर जैकेट निकालने पड़ेंगे। भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार 15 मार्च के बाद से बारिश और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो गए हैं, जिससे तापमान में गिरावट आई है। 24 मार्च की सुबह 6 बजे तापमान 18 डिग्री सैल्सियस दर्ज हुआ और मौसम ठंडा बना हुआ है। मार्च के पहले पखवाड़े में लोगों ने मई-जून जैसी गर्मी महसूस की थी, जिससे यह लगने लगा था कि अब तापमान लगातार बढ़ेगा। लेकिन 15 मार्च को हुई बारिश के बाद मौसम ने करवट ली और 18, 19, 20 और 23 मार्च को लगातार बारिश और बादलों ने ठंडक बढ़ा दी। इस बदलाव के कारण अब लोग फिर से हल्की ठंड महसूस कर रहे हैं। आगे के मौसम पूर्वानुमान के अनुसार 25 मार्च को फिर एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिसका असर 26 मार्च को बारिश के रूप में दिखाई देगा। 26 और 27 मार्च तक रुक-रुक कर बारिश और ठंडी हवाएं चलेंगी, जिससे तापमान में और गिरावट आएगी। 28 मार्च को बादल छाए रहेंगे और 29 मार्च को फिर बारिश की संभावना है, जिससे अधिकतम तापमान करीब 29 डिग्री सैल्सियस तक आ सकता है। स्काईमेट वेदर के अनुसार अप्रैल के पहले सप्ताह तक हीटवेव की संभावना नहीं है और मौसम सामान्य से ठंडा बना रह सकता है। लगातार बारिश की वजह से वायु गुणवत्ता में भी सुधार हुआ है, जहां एक्यूआई 400–500 से गिरकर 122–150 के बीच आ गया है। उत्तर भारत के कई राज्यों में भी बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी रहने का अनुमान है, जिससे फिलहाल गर्मी बढ़ने के आसार कम हैं। अजीत झा /देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/24/मार्च/2026