कमिश्नर ने संभागीय समय सीमा की बैठक में विभिन्न लंबित प्रकरणों की समीक्षा की नर्मदापुरम (ईएमएस)। नर्मदापुरम संभाग कमिश्नर श्री कृष्ण गोपाल तिवारी ने संभागीय समय सीमा की बैठक में विभिन्न विभागों के लंबित प्रकरणों की गहन समीक्षा की एवं लंबित प्रकरणों के उचित एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण करने के निर्देश दिए। इस दौरान कमिश्नर श्री तिवारी ने एमपी आरडीसी द्वारा बनाए दो मार्ग नर्मदापुरम से पिपरिया रोड एस एच 67 एवं नर्मदापुरम से हरदा मार्ग एस एच 67 के निर्माण कार्य की गुणवत्ता की सराहना की। उन्होंने कहा कि उक्त दोनों रोड के निर्माण कार्य की गुणवत्ता एवं क्वालिटी इतनी अच्छी है कि आम जनता सफर के दौरान उक्त मार्गों पर बिना कठिनाई के आराम से जाना आना कर रही है। कमिश्नर श्री तिवारी ने बताया कि इस बार भी नरवाई का उचित प्रबंधन किया जाएगा। पिछली बार की तरह ही इस बार भी विभिन्न एजेंसियां अपनी मशीन लाएगी और नरवाई काटकर नरवाई का उचित प्रबंधन करेंगी। उन्होंने कृषकों से आह्वान किया कि वह नरवाई में आग ना लगाए अपितु नरवाई प्रबंधन मशीन का उपयोग करते हुए नरवाई का उचित निदान करें। कमिश्नर ने बताया कि 1 अप्रैल से शाला प्रवेश उत्सव का आयोजन किया जाएगा, इस हेतु उन्होंने सभी स्कूलों में आवश्यक तैयारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही सर्वाइकल कैंसर से बालिकाओं को बचाने के लिए सर्वाइकल कैंसर रोधी टीकाकरण अभियान की समीक्षा करते हुए उन्होंने निर्देश दिए की 14 वर्ष की बालिकाओं को एचपीवी का वैक्सीन अनिवार्य रूप से लगाया जाए ताकि भविष्य में सर्वाइकल कैंसर से उनका बचाव हो सके। कमिश्नर श्री तिवारी ने संकल्प से समाधान अभियान की जानकारी देते हुए बताया कि यह अभियान अंतिम चरण में है। अभियान के अंतर्गत शिविर आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने शिविर में प्राप्त आवेदनों का प्राथमिकता से निराकरण करने के निर्देश दिए और कहां की निराकरण करने के बाद निराकरण की स्थिति संकल्प से समाधान पोर्टल पर अनिवार्य रूप से अपलोड की जाए। समय सीमा की बैठक में संयुक्त आयुक्त विकास श्री नवल मीणा, उपायुक्त विकास श्री डी एन पटेल, डिप्टी कलेक्टर श्रीमती सरोज परिहार सहित अन्य संभागीय अधिकारी गण उपस्थित रहे। ईएमएस/राजीव अग्रवाल/ 24 मार्च 2026