दमोह :(ईएमएस)! ग्राम पंचायत हरदुआ मुड़र में विश्व जल दिवस के अवसर पर एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में ग्राम के सभी ग्रामीणों एवं समुदाय के सदस्यों की सक्रिय भागीदारी रही। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य जल के महत्व के बारे में लोगों को जागरूक करना एवं जल संरक्षण के प्रति प्रेरित करना था। कार्यक्रम में वाटर एड संस्था के ब्लॉक कॉर्डिनेटर हेमेंद्र सिंह चंदेल ने सभी लोगों को जल के महत्व, उसके सही उपयोग एवं संरक्षण के उपायों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। एवं समय पर जलकर जमा करने के लिए प्रेरित किया जिससे भविष्य में कोई परेशानी का सामना न करना पड़े, जल हमारे जीवन का मुख्य आधार है और इसका संरक्षण हम सभी की जिम्मेदारी है। महिला बाल विकास के क्षेत्रीय समन्वयक सुरेश कुमार शुक्ला ने दूषित पेय जल से होने वाली बीमारियों के बारे में जानकारी देते हुए उनसे कैसे बचा जा सकता है इस पर चर्चा की। इस अवसर पर स्थानीय स्कूल के बच्चों द्वारा विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। बच्चों ने पेंटिंग प्रतियोगिता के माध्यम से जल संरक्षण से संबंधित सुंदर चित्र बनाकर अपने विचार प्रस्तुत किए। उनकी रचनात्मकता ने सभी उपस्थित लोगों को प्रभावित किया और जल बचाने का संदेश प्रभावी रूप से दिया। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने जल संरक्षण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में महिला बाल विकास के क्षेत्रीय समन्वयक सुरेश कुमार शुक्ला, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता वैजयंती लोधी, मालती सेन, शिक्षक मानवेंद्र सिंह, शिक्षिका रेखा यादव, आशा कार्यकर्ता, पंचायत जनप्रतिनिधि की उपस्थिति रही। कार्यक्रम का संचालन एवं आभार व्यक्त जिला समन्वयक विमल विश्वकर्मा ( वाटर एड) द्वारा किया गया। ईएमएस/मोहने/ 24 मार्च 2026