क्षेत्रीय
24-Mar-2026


सफलता की कहानी नाश्ते की केन्टीन शुरू कर बनीं आत्मनिर्भर, बच्चों की पढ़ाई और परिवार के पालन-पोषण में मिली मदद नर्मदापुरम (ईएमएस)। मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना ने वार्ड क्रमांक 20 प्रताप नगर रसूलिया की निवासी श्रीमती रेणुका मुलगरा के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाया है। योजना के अंतर्गत मिली आर्थिक सहायता से उन्होंने आत्मनिर्भरता की दिशा में कदम बढ़ाते हुए अपने परिवार की आर्थिक स्थिति को सुदृढ़ किया है। 36 वर्षीय श्रीमती रेणुका मुलगरा को जून 2023 से मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के तहत नियमित रूप से आर्थिक सहायता राशि प्राप्त हो रही है। इस सहायता राशि का सदुपयोग करते हुए उन्होंने अपने घर के पास सरस्वती नगर रसूलिया में स्थित सेंट चार्ल्स हायर सेकेंडरी स्कूल के समीप नाश्ते की एक केन्टीन शुरू की है। इस केन्टीन से उन्हें नियमित आय प्राप्त होने लगी है, जिससे उनके परिवार को आर्थिक सहारा मिला है। श्रीमती मुलगरा के पति श्री कन्हैयालाल मुलगरा दिव्यांग हैं, जिसके कारण परिवार की आय का कोई अन्य स्थायी स्रोत नहीं था। ऐसे में मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना उनके लिए बड़ी मदद साबित हुई है। योजना के तहत श्रीमती रेणुका मुलगरा को फरवरी 2026 तक कुल 33 किश्तों में 43,500 रुपये की आर्थिक सहायता प्राप्त हो चुकी है। केन्टीन से होने वाली आय और योजना से मिली राशि का उपयोग उन्होंने अपने बच्चों की स्कूल फीस, ट्यूशन फीस और परिवार के दैनिक खर्चों में किया है। इससे उनके परिवार की आर्थिक स्थिति में उल्लेखनीय सुधार आया है। श्रीमती रेणुका मुलगरा का कहना है कि मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना ने उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनने का अवसर दिया है। इसके लिए वह मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रति हृदय से आभार व्यक्त करती हैं। ईएमएस/राजीव अग्रवाल/ 24 मार्च 2026