अंबरनाथ, (ईएमएस)। अंबरनाथ नगर परिषद क्षेत्र में कथित होर्डिंग घोटाले को लेकर प्रशासन सोमवार से शहर में अतिक्रमण विरोधी अभियान चला रहा है। यह अभियान मंगलवार को भी जारी रहा। यह अभियान सिर्फ होर्डिंग्स हटाने तक ही सीमित नहीं, बल्कि नगर परिषद की टीम ने अब सड़कों और शिक्षण संस्थानों के आस-पास बिना इजाज़त के कंस्ट्रक्शन और पान टपरी पर कार्रवाई शुरू कर दी है। मंगलवार सुबह नगर परिषद की अतिक्रमण विरोधी टीम ने अंबरनाथ पश्चिम के कल्याण-कर्जत स्टेट रोड, सुभाषवाड़ी, बांद्रापाड़ा और बी-केबिन रोड परिसर में अभियान चलाकर गैर-कानूनी बैनर और होर्डिंग्स हटा दिए। इस दौरान धार्मिक जगहों, स्कूल और कॉलेज के मुख्य द्वार के सामने लगे कुछ पान टपरी को पूरी तरह से गिरा दिए। अतिक्रमण विरोधी दस्ते के प्रमुख नरेंद्र संखे ने बताया कि अंबरनाथ स्टेशन क्षेत्र, वेलफेयर सेंटर, मोरवली गांव और चिकन सेंटर में बिना इजाज़त के बने कंस्ट्रक्शन को गिरा दिया गया है, और बुआपाड़ा में स्कूलों और मंदिरों के पास पान टपरियों और ठेले वालों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की गई है। इस अभियान से पहले, पूर्व उप नगराध्यक्ष राजेंद्र वालेकर ने प्रशासन पर दिखावटी कार्रवाई का आरोप लगाया था। उन्होंने दावा किया था कि शहर के मेन चौकों पर बड़े-बड़े बिना इजाज़त के होर्डिंग्स अभी भी लगे होने की वजह से करीब 4 से 5 करोड़ के राजस्व का नुकसान हो रहा है। संतोष झा-२४ मार्च/२०२६/ईएमएस