- रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। शाजापुर (ईएमएस)। विश्व क्षय रोग दिवस 24 मार्च मंगलवार को टीबी (क्षय रोग) जैसी गंभीर बीमारी के प्रति आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से शहर में एक विशाल जनजागरूकता रैली का आयोजन किया गया। यह आयोजन कलेक्टर ऋजु बाफना और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. कमला आर्य के कुशल मार्गदर्शन में किया गया। जिला क्षय केंद्र, जिला चिकित्सालय शाजापुर से शुरू हुई इस जागरूकता रैली को सिविल सर्जन डॉ. बी.एस. मैना ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। स्वास्थ्य विभाग द्वारा निकाली गई यह रैली जिला चिकित्सालय से प्रारंभ होकर शहर के मुख्य मार्गों जैसे नई सड़क, नाग नागिनी रोड, सोमवारिया और हरायपुरा से होते हुए गुजरी। रैली के माध्यम से लोगों को क्षय रोग के लक्षण, इसके बचाव और सरकारी अस्पतालों में उपलब्ध इसके मुफ्त इलाज के प्रति जागरूक किया गया। शहर का भ्रमण करने के पश्चात यह रैली वापस जिला क्षय केंद्र पर पहुंचकर संपन्न हुई। इस जनजागरूकता अभियान में जिला क्षय अधिकारी डॉक्टर केपी सिंह, जिला चिकित्सालय के चिकित्सकों सहित भारी संख्या में अस्पताल का स्टाफ और स्वास्थ्य कर्मी उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर आम नागरिकों को टीबी हारेगा, देश जीतेगा का संदेश दिया। ईएमएस/मोहने/ 24 मार्च 2026