राष्ट्रीय
24-Mar-2026


नई दिल्ली(ईएमएस)। बजट पेश होने से पहले मंगलवार सुबह दिल्ली विधानसभा को बम से उड़ाने की धमकी मिली। विधानसभा स्पीकर विजेंद्र गुप्ता के पास यह धमकी का ईमेल आया था। इसके चलते सुबह 11 बजे शुरू होने वाली सदन की कार्रवाई रोक दी गई थी। स्निफर डॉग और बम स्क्वायड समेत जांच एजेंसियों की टीम मौके पर पहुंची। हालांकि, सर्च ऑपरेशन में कुछ संदिग्ध नहीं मिला। इसके बाद बजट सत्र की कार्रवाई आधे घंटे की देरी से शुरू हुई। दिल्ली पुलिस ने बयान जारी कर कहा कि बम डिटेक्शन टीम ने विधानसभा की गहनता से जांच की। कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला है। धमकी भरे ईमेल पर डिप्टी स्पीकर मोहन सिंह बिष्ट ने कहा- इस तरह की धमकियां सिरफिरे लोग ही दे सकते हैं, जो सरकार को काम नहीं करने देना चाहते हैं। हम लोग डरेंगे नहीं क्योंकि ये दिल्ली के भविष्य की बात है। उन्होंने आगे कहा- हालांकि हमें इसे हल्के में नहीं लेना चाहिए क्योंकि यह विधानसभा का सवाल है। पिछली बार भी इसी तरह की धमकियां दी थी। हम बिल्कुल भी डरने और घबराने वाले नहीं है। विधानसभा का सत्र चलता रहेगा। विनोद उपाध्याय / 24 मार्च, 2026