अजमेर(ईएमएस)। राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की ओर से मंगलवार को 10वीं का रिजल्ट जारी कर दिया गया। इस बार 94.23 प्रतिशत परिणाम रहा है। यह पिछले साल से 1.17 प्रतिशत ज्यादा है। पिछले साल 93.06 प्रतिशत परिणाम रहा था। लडक़ों का 93.63 और लड़कियों का 94.90 प्रतिशत रिजल्ट रहा है। हनुमानगढ़ में नोहर के टेस्ला पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल की पल्लवी ने 99.17 प्रतिशत अंक हासिल किए हैं। स्कूल के निदेशक कुलदीप गौड़ ने बताया कि पल्लवी ने जिले में टॉप किया है। खास बात यह है कि पल्लवी के पिता सुरेश कुमार टेस्ला स्कूल में बस ड्राइवर हैं। सीकर के लोसल में स्थित शेखावाटी स्कूल की प्रियांशी ने 99.83 प्रतिशत नंबर हासिल किए हैं। जयपुर के महेश नगर स्थित कैम्ब्रिज स्कूल की छात्रा रिद्धिमा जांगिड़ ने 99.67 प्रतिशत अंक हासिल किए हैं। विनोद उपाध्याय / 24 मार्च, 2026