क्षेत्रीय
24-Mar-2026


अशोकनगर (ईएमएस)। मध्य प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष महाआर्यमन सिंधिया ने सोमवार देर रात के संजय स्टेडियम पहुंचकर एमपीटीसीएल क्रिकेट टूर्नामेंट में शिरकत की। मुंगावली में टूर्नामेंट का उद्घाटन करने के बाद अशोकनगर पहुंचे सिंधिया ने स्टेडियम की दूधिया रोशनी में खुद क्रिकेट खेला, युवाओं को क्रिकेट किट बांटी और टूर्नामेंट की आधिकारिक टी-शर्ट लॉन्च की। इस दौरान उन्होंने जिले की ग्रामीण प्रतिभाओं को आईपीएल और भारतीय टीम में जगह दिलाने का रोडमैप तैयार होने की बात कही और अपनी शादी के सवाल पर मजाकिया अंदाज में कहा कि ‘उस पर भी काम चल रहा है।’ मुंगावली में उद्घाटन के बाद पहुंचे अशोकनगर, हुआ भव्य स्वागत मुंगावली में टूर्नामेंट का उद्घाटन करने के बाद महाआर्यमन सिंधिया शनिवार देर रात अशोकनगर पहुंचे। यहां शहर के चौराहों पर उनका भव्य स्वागत किया गया। कार्यकर्ताओं और खेल प्रेमियों ने मंच सजाकर उन पर फूलों की वर्षा की और आतिशबाजी की। इसके बाद संजय स्टेडियम पहुंचकर उन्होंने जनता का अभिवादन किया और एमपीटीसीएल की आधिकारिक टी-शर्ट लॉन्च की। संजय स्टेडियम की दूधिया रोशनी में सिंधिया ने खुद भी क्रिकेट खेला। वे पिच पर पहुंचे और कुछ शॉट्स लगाकर वहां मौजूद खिलाडिय़ों का उत्साह बढ़ाया। उन्होंने युवाओं और बच्चों को क्रिकेट किट भी वितरित की। कार्यक्रम के दौरान विशेष आतिशबाजी का प्रदर्शन किया गया, जिसका सिंधिया ने ग्राउंड पर खड़े होकर आनंद लिया। मीडिया से बातचीत में महाआर्यमन सिंधिया ने कहा कि उनका प्रयास है कि अशोकनगर जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों से ऐसे खिलाड़ी निकलें जो भारतीय टीम और आईपीएल में खेलें। उन्होंने बताया कि इसके लिए एक विशेष रोडमैप तैयार किया गया है। सिंधिया ने विश्वास जताया कि यहां की प्रतिभाएं जल्द ही बड़े मंचों पर अपनी पहचान बनाएंगी। कार्यक्रम के दौरान जब महाआर्यमन सिंधिया से उनकी शादी को लेकर मीडिया ने सवाल पूछा, तो उन्होंने इसका बड़े ही मजाकिया अंदाज में जवाब दिया। शादी के सवाल पर महाआर्यमन सिंधिया ने कहा कि, आप देखते जाइएगा, उस पर भी काम चल रहा है। ईएमएस/ओमप्रकाश रघुवंशी/ 24 मार्च 2026