किसानों की समस्याओं पर कलेक्ट्रेट पहुंचकर सौंपा ज्ञापन अशोकनगर (ईएमएस)। किसानों की समस्याओं को लेकर मंगलवार को कांग्रेस ने कलेक्ट्रेट कार्यालय में ज्ञापन सौंपा। यह ज्ञापन डिप्टी कलेक्टर बृज बिहारी लाल श्रीवास्तव को दिया गया। इसमें किसानों की समस्याओं के त्वरित निराकरण की मांग की गई है। कांग्रेस नेताओं ने बताया कि जिले के किसान इस समय कई गंभीर परेशानियों से जूझ रहे हैं। ज्ञापन के माध्यम से शासन से सोसायटी ऋण जमा करने की अंतिम तिथि बढ़ाने की मांग की गई है। वर्तमान में यह तिथि 28 मार्च निर्धारित है, जबकि गेहूं की समर्थन मूल्य पर खरीदी 1 अप्रैल से शुरू हो रही है। नेताओं ने तर्क दिया कि ऐसे में किसानों को अपनी उपज बेचने से पहले ऋण चुकाने में कठिनाई हो रही है। इसलिए अंतिम तिथि बढ़ाकर किसानों को राहत देने की मांग की गई है। इसके अलावा, अमेरिका के साथ हुए व्यापारिक समझौतों के तहत सोयाबीन ऑयल के टैक्स फ्री आयात पर रोक लगाने की मांग भी उठाई गई। कांग्रेस का कहना है कि इससे देश के सोयाबीन उत्पादक किसानों को आर्थिक नुकसान हो रहा है। ज्ञापन में हाल ही में हुई वर्षा एवं ओलावृष्टि से प्रभावित फसलों का शीघ्र सर्वे कराकर उचित मुआवजा और फसल बीमा राशि देने की मांग भी शामिल है। साथ ही गेहूं की खरीदी न्यूनतम समर्थन मूल्य 4000 रुपये प्रति क्विंटल करने की मांग की गई, ताकि किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य मिल सके। ईएमएस/ओमप्रकाश रघुवंशी/ 24 मार्च 2026