गंजाम (ईएमएस)। ओडिशा के गंजाम जिले में गांव की सड़क पर एक महिला के साथ बर्बरता की गई। गांव वालों ने न सिर्फ उसे बेरहमी से पीटा बल्कि उसके कपड़े उतारकर उसे अपमानित भी किया। इस घटना ने ग्रामीण इलाकों में चल रहे तथाकथित ‘कंगारू कोर्ट और भीड़ द्वारा किए जाने वाले हिंसक फैसलों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। गंजाम जिले के जराडा थाना क्षेत्र के खरियागुडा चौकी अंतर्गत जगन्नाथपुर गांव में पुराने पैसों के लेन-देन के विवाद को लेकर कुछ ग्रामीणों ने मिलकर गांव की एक महिला को सड़क पर पीटा। कुछ पुरुषों और महिलाओं ने मिलकर उसे घसीटा, मारा-पीटा और उसके कपड़े उतारकर उसे सरेआम अपमानित किया। यह घटना तब सामने आई जब इस हमले का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया और हर तरफ इसकी निंदा होने लगी। हमले में गंभीर रूप से घायल महिला को पहले पात्रापुर मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। हालत बिगड़ने पर उसे बरहमपुर के अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने उसकी स्थिति को गंभीर बताया है और इलाज जारी है। सुबोध/२४-०३-२०२६