मुंबई (ईएमएस)। इंडियन नेवी का मॉडर्न फ्रिगेट आईएनएस नीलगिरि ऑस्ट्रेलिया के सिडनी पहुंच गया है। इससे पहले आईएनएस नीलगिरि ने एक्सरसाइज काकाडू के पहले चरण में हिस्सा लिया था। यह बहुपक्षीय समुद्री अभ्यास ऑस्ट्रेलिया की रॉयल ऑस्ट्रेलियन नेवी की ओर से आयोजित किया जाता है और हर दो साल में आयोजित होता है। इस वर्ष यह अभ्यास ऑस्ट्रेलियन नेवी के 125 वर्ष पूरे होने के अवसर पर हो रहा है, जिसमें आईएनएस नीलगिरि इंडियन नेवी का प्रतिनिधित्व कर रहा है। काकाडू अभ्यास का मुख्य उद्देश्य विभिन्न देशों की नौसेनाओं के बीच तालमेल और सहयोग को बेहतर बनाना है। ऐसे समुद्री अभ्यासों में केवल युद्ध से जुड़े अभ्यास ही नहीं, बल्कि समुद्री निगरानी, आपदा राहत और अन्य ऑपरेशंस से जुड़े पहलुओं को भी शामिल किया जाता है। इस बार के अभ्यास में करीब 19 देशों की नेवी हिस्सा ले रही हैं, जिनमें 20 से अधिक युद्धपोत, विमान और 6,000 से ज्यादा नौसैन्य कर्मी शामिल हैं। यह अभ्यास ऑस्ट्रेलिया के डार्विन से लेकर कैर्न्स और जर्विस बे तक फैले समुद्री क्षेत्र में आयोजित किया जा रहा है। आईएनएस नीलगिरि की यह विदेश तैनाती इंडियन नेवी के लिए एक अहम कदम मानी जा रही है और यह भारत‑ऑस्ट्रेलिया के बीच बढ़ते समुद्री सहयोग को दर्शाती है। सुबोध/२४-०३-२०२६