क्षेत्रीय
24-Mar-2026
...


ड्यूटी के दौरान सड़क हादसे में गई थी जान, एसपी और एसबीआई अधिकारियों ने पत्नी को सौंपा चेक दिवंगत की पत्नी को चेक दिया गया। शाजापुर (ईएमएस)। पुलिस सैलरी पैकेज योजना के अंतर्गत पुलिस अधीक्षक कार्यालय में मंगलवार को एक संवेदनशील और सराहनीय पहल देखने को मिली। ड्यूटी के दौरान सड़क हादसे में जान गंवाने वाले स्वर्गीय प्रधान आरक्षक नरेंद्र परमार की पत्नी पवित्रा परमार को एक्सीडेंटल मृत्यु बीमा क्लेम के तहत 1 करोड़ रुपये की सहायता राशि का चेक प्रदान किया गया। उल्लेखनीय है कि पिछले वर्ष 22 अगस्त 2025 को ड्यूटी के दौरान एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में प्रधान आरक्षक नरेंद्र परमार का आकस्मिक निधन हो गया था। उनके निधन के बाद पुलिस विभाग ने तत्परता दिखाते हुए भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) के माध्यम से एक्सीडेंटल मृत्यु बीमा क्लेम का प्रकरण तैयार कर भुगतान के लिए आगे बढ़ाया था। मंगलवार 24 मार्च को इस प्रकरण के निराकरण के बाद चेक सौंपने की प्रक्रिया पूरी की गई। पुलिस अधीक्षक यशपाल सिंह राजपूत की विशेष उपस्थिति में, भारतीय स्टेट बैंक (क्षेत्रीय व्यवसाय कार्यालय देवास) के मुख्य प्रबंधक शरद शर्मा और सहायक प्रबंधक आशिक भारती ने 1 करोड़ रुपये की सहायता राशि का चेक दिवंगत प्रधान आरक्षक की पत्नी पवित्रा परमार को सौंपा। इस मौके पर एसपी यशपाल सिंह राजपूत ने स्वर्गीय आरक्षक के कर्तव्यनिष्ठ सेवा भाव को याद किया और शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह बड़ी आर्थिक सहायता परिवार को भविष्य में एक मजबूत संबल प्रदान करेगी। एसपी ने पुलिस सैलरी पैकेज के तहत त्वरित सहायता उपलब्ध कराने के लिए भारतीय स्टेट बैंक का भी धन्यवाद ज्ञापित किया। ईएमएस/मोहने/ 24 मार्च 2026