क्षेत्रीय
25-Mar-2026
...


-17 साल से हरियाणा में राजू बनकर रह रहा था मुन्ना, पुलिस ने 25 हजार के फरार इनामी बदमाश को गिरफ्तार किया फिरोजाबाद (ईएमएस) जिले के शिकोहाबाद थाना पुलिस और एसओजी,सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई में 17 साल से फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी अपराधी को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मुन्ना उर्फ राजू पुत्र रसूलबक्श उर्फ फुरकान पठानी निवासी दरी मोहल्ला, कोतवाली इटावा के रूप में हुई है। इस बदमाश पर वर्ष 2009 में दिनदहाड़े डकैती डालने का आरोप था। पुलिस मीडिया सेल द्वारा साझा की गयी जानकारी के मुताबिक आरोपी लंबे समय से गिरफ्तारी से बच रहा था और हरियाणा के फरीदाबाद में राजू नाम से छिपकर रह रहा था। वहां वह बिजली मिस्त्री का काम कर रहा था। 24 मार्च 2026 को आरोपी शिकोहाबाद क्षेत्र में अपने एक परिचित से मिलने आया था। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने पुराना इटावा रोड स्थित असुआ तिराहे के पास से उसे गिरफ्तार कर लिया। एएसपी देहात अनुज चौधरी ने बताया कि आरोपी ने 20 फरवरी 2009 को शिकोहाबाद के बड़ा बाजार में भगवान दास के घर में घुसकर हथियारों के बल पर सोने-चांदी के आभूषण और लाइसेंसी गन लूटी थी। इस मामले में उसके 8 साथियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है और उनसे नगदी व हथियार भी बरामद हुए थे। पुलिस अब आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है। ईएमएस