क्षेत्रीय
25-Mar-2026
...


पटना, (ईएमएस)। बिहार में बुधवार को उदयीमान भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित करने के साथ चैती छठ का पर्व पूरी श्रद्धा और भक्ति के साथ संपन्न हुआ। हालांकि इस पावन अवसर पर पटना समेत कई जिलों में लोगों के डूबने से मौत होने की खबर सामने आई है। जानकारी के मुताबिक पटना के मालसलामी थाना क्षेत्र स्थित दमराही घाट पर गंगा स्नान के दौरान तीन युवक गहरे पानी में डूब गए। स्थानीय गोताखोरों और प्रशासन की मदद से दो युवकों के शव बरामद कर लिए गए हैं, जबकि तीसरे युवक की तलाश जारी है। मृतकों की पहचान कंकड़बाग थाना क्षेत्र के रोहित कुमार और गणेश कुमार के रूप में हुई है, जबकि शिबू नाम का युवक अब भी लापता है। बताया जा रहा है कि ये युवक जोगीपुर इलाके से अपने दोस्त के घर छठ पर्व में शामिल होने आए थे। वहीं पटना जिले के मनेर क्षेत्र में भी गंगा नदी में एक युवक के डूबने की खबर सामने आई है। ब्रह्मचारी घाट के पास हुए इस हादसे के बाद से युवक की तलाश जारी है। उधर भोजपुर जिले के आरा में भी एक दर्दनाक हादसा हुआ। बबुरा थाना क्षेत्र के बिशुनपुर भागड़ नदी में छठ पूजा के दौरान दो बच्चों के डूबने की खबर है। दोनों बच्चों की मौत से इलाके में गम का माहौल है। मृतकों में एक नागेंद्र पाठक का पुत्र था, जो बनारस में पढ़ाई करता था और छठ के मौके पर घर आया था। दूसरा युवक नरेंद्र प्रसाद का पुत्र था, जिसने हाल ही में इंटरमीडिएट की परीक्षा पास की थी। इसके अलावा दनियावां प्रखंड के सूर्य मंदिर तालाब में भी एक व्यक्ति के डूबने की सूचना है, जहां स्थानीय प्रशासन और गोताखोरों की टीम खोजबीन में जुटी हुई है। वहीं नवादा जिले में एक अलग तरह का हादसा सामने आया। छठ घाट से लौट रहे एक युवक की बाइक की टक्कर से मौत हो गई। यह घटना रूपौ थाना क्षेत्र के कनौलिया गांव के पास हुई। संतोष झा-२५ मार्च/२०२६/ईएमएस