क्षेत्रीय
25-Mar-2026
...


- 2 दिन में 919 लीटर जब्त, 21 आरोपी गिरफ्तार रायगढ़(ईएमएस)। जिले में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे तीन दिवसीय विशेष अभियान के तहत पुलिस ने दूसरे दिन बड़ी कार्रवाई करते हुए 35 प्रकरण दर्ज किए। दो दिनों की कार्रवाई में कुल 919 लीटर अवैध शराब जब्त की गई है और 21 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। जब्त शराब की कीमत करीब 1.23 लाख रुपए आंकी गई है। अभियान के दूसरे दिन 23 मार्च को जिलेभर में ताबड़तोड़ छापेमारी करते हुए पुलिस ने महुआ समेत देशी-विदेशी शराब की बड़ी खेप पकड़ी। इससे पहले पहले दिन 23 मामलों में 120 लीटर शराब जब्त की गई थी। छाल थाना क्षेत्र के ग्राम बेहरामार में पुलिस ने जयपाल राठिया को गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर प्रदीप बेहरा के अवैध शराब निर्माण ठिकाने पर दबिश दी गई, जहां से 530 लीटर महुआ शराब और उपकरण जब्त किए गए। हालांकि आरोपी प्रदीप बेहरा मौके से फरार हो गया। चक्रधरनगर थाना क्षेत्र के ग्राम बरलिया में जगदीश सारथी से 51 लीटर और नवापाली में अजय चौहान से 30 लीटर महुआ शराब जब्त की गई। पुसौर थाना क्षेत्र के ग्राम तरडा में जयकुमार यादव और देमति साव को बाइक सहित गिरफ्तार कर 18 लीटर महुआ शराब बरामद की गई, जबकि औरदा में तोरन साव से 5.40 लीटर देशी शराब मिली। घरघोड़ा थाना क्षेत्र में भी कार्रवाई जारी रही, जहां कोनपारा में राजेश चौहान से 13 लीटर, टेरम जुनाडीह में दिलबोध राठिया से 15 लीटर और करीकछार में हेमलाल राठिया से 70 लीटर महुआ शराब जब्त की गई। पूंजीपथरा थाना क्षेत्र के गुडगुड में एतवार सिंह से 12 लीटर और तराईमाल में कुमारी उरांव से 6 लीटर महुआ शराब जब्त हुई। भूपदेवपुर थाना क्षेत्र के गिण्डोला और कुर्रूभाठा में भी कुल 14 लीटर महुआ शराब बरामद की गई। खरसिया थाना क्षेत्र में श्यामलाल केंवट से 9 लीटर, संजय तुरी से 10 लीटर और नारायण प्रसाद तुरी से 10 लीटर महुआ शराब जब्त की गई। वहीं तमनार थाना क्षेत्र के ग्राम महलोई में लोचन प्रसाद सिदार से 20 लीटर महुआ शराब बरामद हुई। पुलिस की इस कार्रवाई से जिले में अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)25 मार्च 2026