क्षेत्रीय
25-Mar-2026
...


रायगढ़(ईएमएस)। जिले में सड़क हादसों का ग्राफ लगातार बढ़ता जा रहा है, जिसकी सबसे बड़ी वजह ड्रिंक एंड ड्राइव सामने आ रही है। पुलिस और ट्रैफिक विभाग की कार्रवाई के बावजूद लाइसेंस निरस्तीकरण में अपेक्षित सख्ती नहीं दिख रही है। बीते 26 महीनों में संयुक्त कार्रवाई के तहत 645 लोगों पर ड्रिंक एंड ड्राइव के प्रकरण दर्ज किए गए। सभी मामलों में चालानी कार्रवाई करते हुए लाइसेंस निरस्तीकरण के लिए न्यायालय भेजा गया, लेकिन चौंकाने वाली बात यह है कि इनमें से सिर्फ 52 लोगों के ही लाइसेंस निरस्त किए गए। वहीं सड़क हादसों के आंकड़े भी चिंता बढ़ाने वाले हैं। वर्ष 2026 के जनवरी और फरवरी में ही 134 सड़क हादसे दर्ज हुए, जिनमें 77 लोगों की मौत हो गई, जबकि 121 लोग घायल हुए। वर्ष 2025 में कुल 743 हादसों में 415 लोगों की जान गई और 679 लोग घायल हुए थे। बढ़ते हादसों का मुद्दा विधानसभा में भी उठ चुका है। ट्रैफिक विभाग के अनुसार, नशे की हालत में वाहन चलाने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। वर्ष 2024 में 286 मामलों में 27.10 लाख रुपए, 2025 में 270 मामलों में 26.45 लाख रुपए और 2026 में अब तक 89 मामलों में 7.05 लाख रुपए का जुर्माना वसूला गया है। इन प्रकरणों में से 264 मामलों को न्यायालय भेजा गया है। ट्रैफिक डीएसपी उत्तम सिंह ने बताया कि जिले में सड़क हादसों की प्रमुख वजह भारी वाहनों का दबाव और नशे में ड्राइविंग है। हादसों को रोकने के लिए ब्लैक स्पॉट चिन्हित कर सुधार कार्य किए जा रहे हैं और ड्रिंक एंड ड्राइव के खिलाफ रोजाना संयुक्त अभियान चलाया जा रहा है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)25 मार्च 2026