नई दिल्ली (ईएमएस)। उत्तर-पश्चिम जिला पुलिस की विदेशी सेल ने शालीमार बाग से एक बांग्लादेशी महिला मीतू अख्तर को अवैध घुसपैठ के आरोप में गिरफ्तार किया है। उसके फोन से बांग्लादेशी पहचान दस्तावेज और प्रतिबंधित ऐप मिले। महिला खुद को भारतीय बता रही थी, लेकिन जांच में वह बांग्लादेशी निकली। पुलिस ने निष्कासन की प्रक्रिया शुरू कर दी है और उसे एफआरआरओ के समक्ष पेश किया गया है। उत्तर-पश्चिम जिला पुलिस की विदेशी सेल ने अवैध घुसपैठ के खिलाफ कार्रवाई करते हुए शालीमार बाग क्षेत्र से एक बांग्लादेशी महिला को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करते हुए देश से निष्कासन की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस ने महिला के कब्जे से एक स्मार्ट फोन बरामद किया है, जिसमें प्रतिबंधित आईएमओ ऐप इंस्टॉल मिला। इसके अलावा मोबाइल गैलरी में बांग्लादेशी पहचान से जुड़े दस्तावेज भी पाए गए, जिन्हें जब्त कर लिया गया है। पकड़ी गई महिला की पहचान मीतू अख्तर (28) के रूप में हुई है, जो ढाका (बांग्लादेश) की रहने वाली है। उत्तरी-पश्चिमी जिला पुलिस उपायुक्त आकांक्षा यादव ने बताया कि विदेशी सेल की टीम ने इंस्पेक्टर विपिन कुमार और एसीपी राजीव कुमार के नेतृत्व में कार्रवाई को अंजाम दिया गया। 23 मार्च की सुबह विशेष अभियान के तहत गठित टीम ने जहांगीरपुरी मेट्रो स्टेशन और आजादपुर मंडी क्षेत्र में छापेमारी की। लंबे समय तक तलाश के बाद मैक्स अस्पताल के पास एक संदिग्ध महिला को पकड़ा गया। जांच में पता चला कि उसे पहले पकड़े गए बांग्लादेशी नागरिक रोबिउल द्वारा भारत लाया गया था। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद महिला को एफआरआरओ के समक्ष पेश किया गया है और उसे उसके देश वापस भेजने की कार्रवाई जारी है। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/25/मार्च/2026