क्षेत्रीय
25-Mar-2026
...


- विधिक सहायता और सुविधाओं पर दिया जोर कांकेर(ईएमएस)। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष संजीव कुमार टामक ने जिला जेल कांकेर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बंदियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और उन्हें उनके विधिक अधिकारों की जानकारी दी। निरीक्षण के दौरान न्यायाधीश ने बंदियों के मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य के महत्व पर जोर देते हुए नियमित व्यायाम और संतुलित दिनचर्या अपनाने की सलाह दी। उन्होंने जेल में उपलब्ध भोजन और पेयजल की व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया तथा गुणवत्ता और स्वच्छता बनाए रखने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। न्यायाधीश ने स्पष्ट निर्देश दिया कि जिन बंदियों के पास अधिवक्ता नहीं हैं, उन्हें निशुल्क विधिक सहायता उपलब्ध कराई जाए, ताकि कोई भी न्याय से वंचित न रहे। जेल की व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए उन्होंने आधुनिक तकनीक के उपयोग को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया, जिससे बंदियों की समस्याओं का त्वरित और प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जा सके। इस दौरान एसपी निखिल राखेचा, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट भास्कर मिश्र, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव शांति प्रभु जैन, जिला पंचायत सीईओ हरेश मंडावी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। ईएमएस(राकेश गुप्ता)25 मार्च 2026