क्षेत्रीय
25-Mar-2026
...


- वादाखिलाफी से नाराज ग्रामीणों ने BSP प्रबंधन को सौंपा ज्ञापन कांकेर(ईएमएस)। जिले के रावघाट क्षेत्र में संचालित खदान और उससे जुड़े विकास कार्यों को लेकर अब स्थानीय ग्रामीणों का आक्रोश खुलकर सामने आ गया है। राजाराव बुढ़ादेव गोदग्राम श्रमिक विकास समिति ने भिलाई स्टील प्लांट प्रबंधन को आवेदन सौंपते हुए वादाखिलाफी पर नाराजगी जताई है। ग्रामीणों का कहना है कि खदान शुरू होने से पहले क्षेत्र के विकास, रोजगार और मूलभूत सुविधाओं को लेकर कई बड़े वादे किए गए थे, लेकिन वर्षों बीत जाने के बाद भी जमीनी स्तर पर कोई ठोस काम नहीं हुआ। इससे प्रभावित गांवों में असंतोष लगातार बढ़ता जा रहा है। आवेदन में बताया गया है कि करीब तीन साल पहले डीएवी स्कूल और अस्पताल निर्माण का आश्वासन दिया गया था, लेकिन अब तक इन परियोजनाओं की शुरुआत नहीं हो पाई है। इसके कारण ग्रामीणों को शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए भटकना पड़ रहा है। रोजगार के मुद्दे पर भी नाराजगी सामने आई है। समिति के अनुसार खदान शुरू होने से पहले लगभग 700 स्थानीय युवाओं को रोजगार देने का वादा किया गया था, लेकिन वर्तमान में बहुत कम लोगों को ही काम मिला है, जिससे युवाओं में निराशा बढ़ रही है। इसके अलावा बीपीएल लाभ, परिवहन कार्यों में स्थानीय सहभागिता और तकनीकी शिक्षा व प्रशिक्षण जैसी मांगें भी लंबे समय से लंबित बताई गई हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि इन मुद्दों पर पहले सहमति बनने के बावजूद अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई। समिति ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो ग्रामीण आंदोलन के लिए मजबूर होंगे। ग्रामीणों ने प्रबंधन से मांग की है कि किए गए वादों को शीघ्र पूरा कर प्रभावित लोगों को न्याय दिलाया जाए। ईएमएस(राकेश गुप्ता)25 मार्च 2026