क्षेत्रीय
25-Mar-2026
...


- 14 लाख के 4 नए टैंकर शहर की सेवा में शामिल कांकेर(ईएमएस)। बढ़ती गर्मी और पेयजल संकट को देखते हुए नगर पालिका कांकेर ने शहरवासियों को राहत देने की पहल की है। घड़ी चौक स्थित फायर स्टेशन परिसर में ₹14 लाख की लागत से खरीदे गए 4 नए पानी टैंकरों का लोकार्पण किया गया। विधायक आशाराम नेताम ने हरी झंडी दिखाकर इन टैंकरों को शहर की सेवा में समर्पित किया। अब इन टैंकरों के जरिए शहर के विभिन्न वार्डों में नियमित रूप से पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी। नगर पालिका अध्यक्ष अरुण कौशिक ने बताया कि शहर के कई वार्डों में लंबे समय से पानी की समस्या बनी हुई थी, जिससे लोगों को खासकर गर्मी के मौसम में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। इस समस्या के समाधान के लिए टैंकरों की व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा कि परिषद का उद्देश्य शहर के हर घर तक पानी पहुंचाना है। जहां पाइपलाइन से पर्याप्त जल आपूर्ति नहीं हो पा रही है, वहां इन टैंकरों के माध्यम से वैकल्पिक व्यवस्था की जाएगी। इस मौके पर जिला अध्यक्ष महेश जैन, मछुआ कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष भरत मटियारा सहित भाजपा के पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे। ईएमएस(राकेश गुप्ता)25 मार्च 2026