- मुख्य सरगना गिरफ्तार जांजगीर(ईएमएस)। जिले के शिवरीनारायण और पामगढ़ थाना क्षेत्रों में राहगीरों के लिए खौफ का कारण बने लुटेरों के गिरोह के मुख्य सरगना को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने ग्राम राहौद निवासी रामनाथ गोंड उर्फ रामनाथ सबरिया (23 वर्ष) को गिरफ्तार किया है। आरोपी अपने साथियों के साथ मिलकर सुनसान रास्तों पर राहगीरों को निशाना बनाता था और लोहे की रॉड, पाइप व डंडों से हमला कर लूटपाट की वारदातों को अंजाम देता था। जांच में सामने आया कि गिरोह बाइक पर सवार होकर रात के समय सक्रिय रहता था। ये लोग अकेले या सुनसान रास्तों से गुजरने वाले लोगों को रोकते थे, उन पर ताबड़तोड़ हमला कर गंभीर रूप से घायल कर देते थे और नकदी व मोबाइल लूटकर फरार हो जाते थे। इस गिरोह ने जनवरी महीने में लगातार 6 वारदातों को अंजाम दिया था। 27 जनवरी को पामगढ़ के जोगिया नाला पुल, ग्राम मेउ और चेऊडीह में लूट की घटनाएं हुईं। वहीं 29 जनवरी को शिवरीनारायण के कचंदा के पास नहर किनारे तीन अलग-अलग घटनाओं में कई लोगों पर हमला किया गया, जिसमें मुकेश रायसागर गंभीर रूप से घायल हुए थे। मुख्य आरोपी रामनाथ पहले से ही हत्या के प्रयास के एक अन्य मामले में जेल में बंद था। पुलिस ने उसे प्रोडक्शन वारंट पर लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने पामगढ़ और शिवरीनारायण क्षेत्र की सभी 6 वारदातों में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी हुई है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)25 मार्च 2026