बिलासपुर (ईएमएस)। समाजसेवा और मानवीय संवेदनाओं की मिसाल पेश करते हुए गुलदस्ता फाउंडेशन एवं लायंस क्लब स्माइल की पहल से एक जरूरतमंद मरीज का बहुप्रतीक्षित ऑपरेशन संभव हो पाया है। इस प्रयास का नेतृत्व संस्था की अध्यक्ष रीता राजगीर ने किया, जिन्होंने पिछले एक वर्ष से लगातार प्रयास किए। मरीज रोहित तिवारी का ऑपरेशन आईबीएस अस्पताल में होना है। वह बिलासपुर से रवाना होकर दिल्ली पहुंच चुका है। उपचार के लिए आर्थिक सहायता जुटाने हेतु संस्था द्वारा व्यापक अभियान चलाया गया, जिसमें शहरवासियों का सराहनीय सहयोग मिला। सोशल मीडिया और व्हाट्सएप के माध्यम से भी मदद की अपील की गई, जिसका सकारात्मक परिणाम सामने आया। रीता राजगीर ने पूरे समय मरीज से संपर्क बनाए रखा और उसका हौसला बढ़ाया। उन्होंने बताया कि यह सफलता सामूहिक प्रयासों का परिणाम है और इसके लिए सभी सहयोगकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। यह उपचार मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना के अंतर्गत भी संभव हो पाया। संस्था के इस मानवीय कार्य की शहरभर में सराहना हो रही है। उन्होंने कहा कि वास्तविक सफलता तब होगी, जब मरीज स्वस्थ होकर सुरक्षित वापस लौटेगा। मनोज राज 25 मार्च 2026