बिलासपुर (ईएमएस)। कान्यकुब्ज ब्राह्मण विकास मंच छत्तीसगढ़ की मासिक बैठक का आयोजन लोखंडी तुर्काडीह रोड स्थित भगवान श्री परशुराम मंदिर परिसर में किया गया। बैठक में समाज सेवा से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। मंच के प्रदेश संगठन सचिव पं. सुदेश दुबे ने बताया कि नवनिर्मित आशीर्वाद भवन के पास पूर्व दिशा में माता अन्नपूर्णा देवी के भव्य मंदिर के निर्माण के साथ शिव, गणेश एवं हनुमान जी की मूर्तियों की स्थापना का निर्णय लिया गया है। निर्माण कार्य के लिए बी. के. पांडेय द्वारा 2 लाख रुपए, मनोहर लाल मिश्र द्वारा 3 लाख रुपए, गोपाल तिवारी द्वारा 1 लाख रुपए, दिनेश बाजपेयी द्वारा 51 हजार रुपए तथा कमलेश मिश्र द्वारा 11 हजार रुपए देने की घोषणा की गई। वहीं बर्तन व्यवस्था के लिए श्रीमती प्रभा बसंत बाजपेयी ने 5 हजार रुपए देने की बात कही। इन घोषणाओं का उपस्थित सदस्यों ने तालियों से स्वागत किया। इस अवसर पर मंच की मासिक पत्रिका ‘ब्रह्म आलोक’ के 152वें अंक का विमोचन संपादक रामशंकर शुक्ल एवं अन्य सदस्यों द्वारा किया गया। बैठक में बड़ी संख्या में समाज के सदस्य उपस्थित रहे। मनोज राज 25 मार्च 2026