क्षेत्रीय
25-Mar-2026
...


बिलासपुर (ईएमएस)। ग्राम पेण्डरवा में महिला समिति कुर्मी समाज एवं ग्राम की महिलाओं द्वारा महतारी वंदन योजना से प्राप्त राशि का चंदा एकत्र कर श्रीमद् भागवत कथा ज्ञान यज्ञ का भव्य आयोजन किया गया। इस धार्मिक आयोजन में पूरे गांव का सराहनीय सहयोग देखने को मिला और ग्रामीणों ने श्रद्धा व उत्साह के साथ सहभागिता निभाई। कार्यक्रम में कथावाचक पं. देवशरण दुबे ने श्रीकृष्ण-रुक्मिणी विवाह एवं सुदामा चरित्र का भावपूर्ण वर्णन किया, जिसे सुनकर श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे। कथा के माध्यम से भक्ति, मित्रता और धर्म के महत्व को सरल भाषा में प्रस्तुत किया गया। अंतिम दिवस पर विधिवत हवन-पूजन के साथ देवी-देवताओं की विदाई दी गई तथा गंगा सतधारा के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। आयोजन के मुख्य संयोजक ओमप्रकाश कश्यप, विमल कश्यप, रामप्रकाश कश्यप एवं रोहित कश्यप रहे, जबकि मुख्य यजमान के रूप में राजेश कश्यप एवं श्रीमती दीपा कश्यप ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यक्रम को सफल बनाने में ग्राम के अनेक लोगों का विशेष योगदान रहा। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा। मनोज राज 25 मार्च 2026