क्षेत्रीय
25-Mar-2026
...


- अफीम की खेती रोकने प्रशासन का बड़ा अभियान सक्ती(ईएमएस)। जिले में मादक पदार्थों की अवैध खेती पर रोक लगाने के लिए प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। कलेक्टर अमृत विकास टोपनो और पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में संभावित अफीम और अन्य अवैध फसलों की पहचान कर नियमित निगरानी की जाए। प्रशासन के निर्देशानुसार, ग्रामीण क्षेत्रों में पटवारी, सचिव और कोटवार की संयुक्त टीम लगातार निगरानी करेगी। वहीं शहरी क्षेत्रों में पटवारी और नगरीय निकाय का अमला मिलकर निरीक्षण और कार्रवाई की जिम्मेदारी निभाएगा। अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलने पर राजस्व, पुलिस और वन विभाग संयुक्त रूप से तुरंत कार्रवाई करें। इसके साथ ही कृषि, उद्यानिकी और रेशम विभाग को भी इस अभियान में सक्रिय सहयोग देने को कहा गया है। गांव-गांव जाकर खेतों का निरीक्षण करना, संदिग्ध फसलों की पहचान करना और समय रहते कार्रवाई करना अब अनिवार्य होगा। साथ ही लोगों को अवैध खेती के दुष्परिणामों के बारे में जागरूक भी किया जाएगा। प्रशासन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि अवैध मादक फसलों की खेती में संलिप्त पाए जाने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस अभियान का उद्देश्य जिले में अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाना और कानून व्यवस्था को मजबूत करना है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)25 मार्च 2026