महासमुंद(ईएमएस)। जिले के बसना थाना क्षेत्र के ग्राम इंद्रपुर में हुई 21 वर्षीय युवती की सनसनीखेज हत्या का पुलिस ने महज छह घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। इस मामले में युवती के प्रेमी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार सुबह ग्राम इंद्रपुर निवासी रामदास अजगल्ले ने सूचना दी कि उनकी पुत्री पुष्पा अजगल्ले (21), जो जन्म से मूकबधिर थी, का शव घर से करीब 150 मीटर दूर एक खेत में लहूलुहान हालत में पड़ा मिला। मृतका के सिर और चेहरे पर किसी भारी वस्तु से वार के गंभीर निशान थे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और एसपी के निर्देशन में विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की गई। एफएसएल टीम और डॉग स्क्वॉड की मदद से साक्ष्य जुटाए गए। जांच के दौरान परिजनों से पूछताछ में अहम सुराग मिला। पता चला कि गांव के ही लोकनाथ पटेल (27) ने शादी का झांसा देकर युवती से संबंध बनाए थे। युवती के गर्भवती होने के बाद वह आरोपी पर शादी के लिए दबाव बना रही थी। संदेह के आधार पर पुलिस ने लोकनाथ पटेल को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपराध कबूल कर लिया। आरोपी ने बताया कि बदनामी के डर से उसने हत्या की साजिश रची। देर रात उसने युवती को बहला-फुसलाकर खेत में बुलाया और विवाद के दौरान पास पड़े पत्थर से उसके सिर और चेहरे पर हमला कर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त पत्थर और खून से सने कपड़े बरामद कर लिए हैं। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)25 मार्च 2026