- न्यायाधीश, कलेक्टर और एसएसपी ने व्यवस्थाओं का लिया जायजा जशपुर(ईएमएस)। जिले की जेल व्यवस्थाओं का आकलन करने के लिए जिला जेल जशपुर का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण दल में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सत्येन्द्र कुमार साहू, कलेक्टर रोहित व्यास और एसएसपी लाल उमेद सिंह शामिल रहे। अधिकारियों ने जेल परिसर के विभिन्न हिस्सों का बारीकी से निरीक्षण किया। इसमें वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कक्ष, जेल अस्पताल, रसोईघर, वॉच टावर और बैरकों का जायजा लिया गया। इस दौरान बंदियों को मिलने वाली भोजन, आवास और अन्य मूलभूत सुविधाओं की स्थिति की भी समीक्षा की गई, जिसमें कोई गंभीर शिकायत सामने नहीं आई। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कैदियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। कुछ बंदियों ने अपने प्रकरणों से संबंधित समस्याओं के निराकरण के लिए आवेदन भी प्रस्तुत किए, जिस पर अधिकारियों ने आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस अवसर पर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट सुमन सिंह, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव श्वेता बघेल, अपर कलेक्टर प्रदीप साहू, एएसपी राजेश पाटनवार और जेल अधीक्षक श्यामलाल सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। सत्यप्रकाश(ईएमएस)25 मार्च 2026