क्षेत्रीय
25-Mar-2026
...


बिलासपुर (ईएमएस)। जिले के सकरी तहसील अंतर्गत ग्राम पंचायत कपसियाखुर्द के दर्रीकापा गांव के ग्रामीणों ने गांव को नशामुक्त बनाने के लिए पहल करते हुए कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा है।महिलाओं का कहना है कि गांव में बढ़ते शराब और गांजा सेवन के कारण आपराधिक प्रवृत्तियां बढ़ रही हैं, जिससे आमजन विशेषकर महिलाएं और बच्चे प्रभावित हो रहे हैं। नशे से बिगड़ रहा सामाजिक माहौल ग्रामीणों ने अपने आवेदन में बताया कि गांव में खुलेआम शराब और गांजा का सेवन हो रहा है, जिससे झगड़े, विवाद और असामाजिक गतिविधियां बढ़ रही हैं। इससे गांव का शांतिपूर्ण वातावरण बिगड़ रहा है और लोग भय व असुरक्षा के माहौल में जीने को मजबूर हैं। महिलाएं और स्वसहायता समूह भी आए आगे इस अभियान में गांव की महिलाएं, स्वसहायता समूह और आजीविका संगठन भी सक्रिय रूप से जुड़ गए हैं। उन्होंने सामूहिक रूप से निर्णय लिया है कि गांव को पूर्णत: नशामुक्त बनाया जाएगा। ग्राम पंचायत के पंच, सरपंच और उपसरपंच सहित सभी जनप्रतिनिधियों ने भी इस पहल का समर्थन किया है।महिलाओं का कहना है कि नशे की बढ़ती प्रवृत्ति का सबसे ज्यादा असर बच्चों और युवाओं पर पड़ रहा है। इससे उनके भविष्य पर नकारात्मक प्रभाव पडऩे की आशंका है। इसी को ध्यान में रखते हुए गांव को नशामुक्त बनाने का संकल्प लिया गया है। प्रशासन से सहयोग की मांग महिलाओं ने कलेक्टर से अपील की है कि गांव में नशे के कारोबार और सेवन पर रोक लगाने के लिए सख्त कदम उठाए जाएं। साथ ही जागरूकता अभियान चलाकर लोगों को नशे के दुष्परिणामों के बारे में बताया जाए। मनोज राज 25 मार्च 2026